जालंधर में ड्यूटी से घर जा रहे बिजली बोर्ड के कर्मचारी पर दो लोगों ने किया जानलेवा हमला, गंभीर
पावरकाम महितपुर में क्लर्क की ड्यूटी निभाने वाले तीर्थ सिंह पर दो लोंगों ने हमला किया। दातर सिर पर नहीं लगी और कलाई पर चोट आई। हमले के बाद दोनों हमलावर फरार हो गए। पीड़ित का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
संवाद सहयोगी, महितपुर (जालंधर)। जालंधर में पावरकाम महितपुर में क्लर्क की ड्यूटी निभाने वाले तीर्थ सिंह पर बुधवार सुबह आठ बजे गुरुद्वारा नानकसर बुलंदपुरी के नजदीक दो लोगों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वे गांव परजीयां से महितपुर ड्यूटी पर आ रहे थे। तीर्थ सिंह ने बताया कि हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और उसके सिर पर दातर से हमला कर दिया। गनीमत से दातर सिर पर नहीं लगी और कलाई पर चोट आई। हमले के बाद दोनों हमलावर फरार हो गए। पीड़ित का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दरिया के नजदीक मिला युवक का पर्स व बाइक
फिल्लौर। सतलुज दरिया के नजदीक शनि मंदिर की ओर एक मोटरसाइकिल, बूट, ऐनक व मोबाइल फोन मिला है। राहगीर ने उक्त सामान देख पुलिस को सूचित किया। सब इंस्पेक्टर जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सामान से मिले कागजातों से घर का पता चला। इसके बाद कुलदीप निवासी हरचरण नगर (लुधियाना) पहुंचे और बताया कि उक्त सामान उनके बेटे का है जो लुधियाना में एक फैक्ट्री में काम करता है। रात आठ बजे तक घर नहीं पहुंचा। जब उसके मोबाइल पर फोन किया तो मोबाइल बंद आता था। स्वजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रितपाल सिंह की तलाश सतलुज दरिया के आसपास की गई लेकिन अभी उसका पता नहीं चल पाया। प्रितपाल सिंह की गुमशुदगी के संबंध में शिंगार पुलिस चौकी (लुधियाना) को उसके घरवाले सूचित कर चुके हैं।