बावा खेल में कार वाशिंग सेंटर और दोमोरिया पुल के पास वाहन पार्किंग में फंदे से लटके मिले शव
दो अलग-अलग मामलों में दोमोरिया पुल के पास और बस्ती बावा खेल के एक कार वाशिंग सेंटर में दो लोगों ने फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली।
जागरण संवाददाता, जालंधर। शहर में अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों ने फंदा लगा कर अपनी जान दे दी। दोनों ही मामलों में पुलिस अभी तक खुदकुशी के कारणों का पता नहीं लगा पाई है।
दोमोरिया पुल के पास शर्मा साइकिल स्टैंड में सुबह स्टैंड के कर्मचारी पूर्ण सिंह की लाश पानी की पाइपों से लगे फंदे से झूलती मिली। वाहन पार्किंग के संचालक पुष्पिंदर शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात दस बजे वह पार्किंग के अपने कर्मचारी पूर्ण सिंह से मिल कर गए थे। पूर्ण ने अंदर से कुंडी लगा ली थी। शनिवार सुबह जब वह पहुंचे तो दरवाजा खटखटाने पर भी नहीं खुला। फिर, दीवार फांद कर अंदर पहुंचे तो देखा कि पार्किंग के अंदर पानी वाली पाइपों से फंदे से पूर्ण सिंह की लाश झूल रही थी। पूर्ण को उन्होंने तीन महीने पहले ही काम पर रखा था। इस बारे में थाना नंबर तीन की पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
बेटी के ससुराल से विवाद के चलते परेशान था लखविंदर
दूसरी तरफ बस्ती बावा खेल में कार वाशिंग सेंटर में काम करने वाले एक बुजुर्ग ने सेंटर के अंदर ही फंदा लगा कर खुदकशी कर ली। उसकी पहचान लखविंदर सिंह निवासी बस्ती पीरदाद के रूप में हुई है। शनिवार सुबह उसका शव कार वाशिंग सेंटर के अंदर फंदे से झूलता मिला। लखविंदर के बेटे बलदेव ने बताया कि उसकी बहन की शादी अभी कुछ दिन पहले ही हुई थी। पति के साथ विवाद होने के चलते बहन का ससुराल परिवार के साथ कोर्ट केस चल रहा था। पिता इसी केस को लेकर मानसिक रूप से परेशान थे। थाना बस्ती बावा खेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में 174 की कार्रवाई की है।