जालंधर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट में पिता समेत दो बच्चों की दर्दनाक मौत, मां की हालत भी गंभीर
जालंधर के लम्मा पिंड में शुक्रवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खाना बनाते समय गैस पाइप लीक होने से सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। दुर्घटना में पिता राजा राम और उनके दोनों बेटों 2 साल के अंकित और 5 साल के नैपी की मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, जालंधर। शहर के लम्मा पिंड क्षेत्र में शुक्रवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खाना बनाते समय गैस पाइप लीक होने से घरेलू गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में 2 साल के बच्चे व उसके पिता की मौत हो गई। दोपहर के समय इलाज के दौरान पांच वर्षीय दूसरे बच्चे की भी मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में काम करने वाले राजा राम कुमार की पत्नी प्रिया ने रात को खाना बनाया। खाना खाने के बाद उन्होंने गैस सिलेंडर बंद कर दिया लेकिन कहीं लीकेज होती रही।
सुबह चाय बनाते समय हुआ सिलेंडर में धमाका
सुबह जब प्रिया चाय बनाने लगी तो अचानक ही आग लग गई। आग एकदम से फैल गई जिसके चलते प्रिया और राजाराम चादर लेकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे। पास ही सो रहे 2 साल के अंकित और 5 साल के नैपी की तरफ उनका ध्यान नहीं गया। जब तक वह बच्चों को बचाते, तब तक आग इतनी बढ़ गई थी कि चारों जल गए और धुएं से बेहोश होकर कर वहीं गिर पड़े। राजाराम और नैपी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंकित ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। महिला प्रिया की हालत भी अभी गंभीर बनी हुई है।
प्रिया अभी बयान देने की स्थिति में नहीं
मामले की जांच कर रहे एएसआइ बलजिंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रिया की हालत इतनी गंभीर है कि वह कुछ भी बताने लायक नहीं है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिए गए हैं और धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। यह भी जांच की जा रही है जहां वे किराए पर रहते वहां पर किराए पर रखने वाले के पास परमिशन है या नहीं।
यह भी पढ़ें - Navjot Singh Sidhu: सिद्धू के साथ इंटरनेट मीडिया पर पंजाब कांग्रेस भी हुई ट्रेंड, यूजर्स के कमेंट- शैरी आन टाप.. ठोको ताली