जालंधर के संजय गांधी नगर में चली तलवारें, पति-पत्नी समेत तीन गंभीर घायल
घायलों को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस अस्पताल पहुंची लेकिन डाक्टरों ने घायलों को बयान देने के लिए अनफिट करार दिया। आरोप है कि हमलावरों के साथ पार्षद के घर पर रखे गए बाउंसर भी थे।
जालंधर, जेएनएन। शहर के संजय गांधी नगर में बीती रात मामूली विवाद के बाद तलवारें चली और पति-पत्नी सहित तीन घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन डाक्टरों ने घायलों को बयान देने के लिए अनफिट करार दिया।
घायल जसमीत सिंह के रिश्तेदार रॉकी ने बताया कि उसकी बहन की शादी मनकीरत कौर की शाकी शहीद बाबू लाभ सिंह नगर में रहने वाले जसमीत सिंह के साथ नगर में हुई है। शुक्रवार को उसकी बहन घर पर रहने के लिए आई थी। देर शाम को उनके पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ उसका विवाद हो गया। पड़ोसियों ने उसकी बहन पर हमला कर दिया। उनकी बहन का पति जसमीत सिंह उसे बचाने के लिए आया तो साथ ही रहने वाली पार्षद रश्मि सैनी के भतीजों और बाकी रिश्तेदारों ने उन पर हमला कर दिया और तेजधार हथियारों से बुरी तरह घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों के साथ पार्षद के घर पर रखे गए बाउंसर भी थे। इस दौरान वहां पर स्थित मोबाइल शॉप का मालिक मोहित कुमार निकल रहा था तो उस पर भी तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
उधर, पार्षद रश्मि सैनी के पति रवि सैनी ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने बताया कि उनके पड़ोस में एक विधवा महिला अपने तीन बच्चों के साथ रहती है। साथ ही घर में रहने वाले रॉकी, उसकी बहन, जीजा और अन्य लोगों ने महिला को मामूली बात पर बुरी तरह से पीटा। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और लड़ाई झगड़ा छुड़वाया। उनका कहना था कि उनके रिश्तेदारों का इस लड़ाई झगड़े से कोई लेना देना नहीं है। उनके पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर आठ के प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि दो पक्षों में झगड़ा हुआ है लेकिन अभी तक बयान नहीं हो पाए हैं। बयानों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें