विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर में किराया मांगने पर बवाल, किराएदार के बेटे ने साथियों संग मकान मालिक के घर पर किया हमला; CCTV में वारदात कैद

Published: Mon, 17 Aug 2026 08:38 PM (GMT+05:30)

जालंधर के किशनपुरा में किराया मांगने पर मकान मालिक के घर पर किराएदार के बेटे और उसके साथियों ने ईंटों व बोतलों से हमला कर दिया।

किराया मांगने पर मकान मालिक के घर पर ईंट-पत्थर और बोतलों से हमला।

किराया मांगने पर मकान मालिक के घर पर ईंट-पत्थर और बोतलों से हमला।

HighLights

  1. किराया मांगने पर मकान मालिक के घर पर हमला हुआ

  2. किराएदार के बेटे ने साथियों संग ईंट-बोतलें फेंकीं

  3. सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान कर रही पुलिस

जागरण संवाददाता, जालंधर। किशनपुरा में किराया मांगने को लेकर विवाद में एक घर पर हमला किया गया। आरोप था कि किराएदार के बेटे ने अपने साथियों को बुलाकर मकान मालिक के घर पर ईंटों और कांच की बोतलों से हमला कर दिया।

हमलावरों ने घर के अलावा गली में खड़े दोपहिया वाहनों और एक अन्य पड़ोसी के घर को भी निशाना बनाया। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक घर पर पथराव करते और वाहन तोड़ते दिखाई दे रहे हैं।

मकान मालिक मनी का आरोप था कि उन्होंने एक व्यक्ति को अपना मकान किराए पर दिया था। उक्त व्यक्ति अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ वहां रह रहा था। आरोप था कि किराएदार परिवार ने करीब एक साल से मकान का किराया नहीं दिया था। जब भी मकान मालिक बकाया किराया मांगते तो विवाद की स्थिति पैदा हो जाती थी।

मनी का आरोप था कि रविवार को भी उन्होंने किराए की रकम मांगी। इसी बात को लेकर किराएदार के बेटे विजय ने पर अपने कुछ साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ देर बाद कई युवक मौके पर पहुंचे और मकान मालिक के घर पर ईंटें तथा कांच की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं।

गली में बिखरा कांच, वाहनों में तोड़फोड़

हमलावरों ने गली में खड़ी एक मोटरसाइकिल और स्कूटी को भी नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा सामने स्थित एक पड़ोसी के घर पर भी पथराव किए जाने का आरोप है। हमले के बाद गली में जगह-जगह कांच बिखर गया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना रामामंडी से जांच अधिकारी हरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस अब सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना था कि शिकायत और जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।