कोरोना के विजेताः सैर और हरी सब्जियों का सेवन कर संक्रमण को रखा दूर, लोगों को भी कर रहे प्रेरित
जालंधर के एडीसीपी ट्रैफिक गगनेश कुमार लोगों की सेवा में जुटे हैं। वह रोजाना सुबह छह बजे उठकर आधा घंटा सैर करते हैं और आधा घंटा योग करते हैं।
जालंधर, सुक्रांत। कोरोना वायरस से पूरा देश जूझ रहा है और पुलिस वाले लोगों की सुरक्षा में अग्रणीय भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान कई पुलिस मुलाजिम खुद भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, लेकिन इनमें एक नाम ऐसा भी है जिसने न सिर्फ लोगों को इससे बचाने का प्रयास जारी रखा है, बल्कि खुद भी इससे बचे हुए हैं। जी हां, जालंधर के एडीसीपी ट्रैफिक गगनेश कुमार लोगों की सेवा में जुटे हैं और खुद भी अभी तक कोरोना की गिरफ्त से दूर ही रहे हैं।
एडीसीपी गगनेश का कहना है कि योग और शाकाहार कोरोना वायरस को दूर रखने का शानदार उपाय है। वह रोजाना सुबह छह बजे उठकर आधा घंटा सैर करते हैं और आधा घंटा योग करते हैं। शाम को भी आधा घंटा सैर और आधा घंटा योगा उनका नियम है। इसके अलावा उन्होंने शाकाहारी भोजन को अपनाया हुआ है। उन्होंने बताया कि यह वायरस तेजी से फैलता है और इसे रोकने का और इससे पार पाने का सबसे बढ़िया तरीका है कि आपके शरीर की प्रतिरोधक क्षमता ज्यादा हो। यह तभी हो सकता है अगर आप स्वस्थ हों। इसके लिए नियमित सैर, योग, फल और हरी सब्जियों का सेवन जरूरी है।
नपी तुली डाइट लेने को किया प्रेरित
एडीसीपी गगनेश ने बताया कि सुबह नाश्ते में वह सेब और गाजर का जूस लेते हैं। दोपहर को कोई हरी सब्जी और दाल का सेवन करते हैं। रात को भी यही आहार में शामिल किया हुआ है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि यही दिनचर्या को जीवन में अपना लें ताकि किसी भी तरह की बीमारी उनको अपनी चपेट में न ले सके।