कैंट रेलवे स्टेशन पर सफाई कर्मी ने महिला संग मिलकर चुराया छह माह का बच्चा
कैंट रेलवे स्टेशन पर लगभग 20 वर्षों से सफाई का काम कर रहे कर्मचारी ने एक महिला संग मिलकर मूकबधिर महिला का छह माह का बच्चा चुरा लिया।
जेएनएन, जालंधर छावनी : कैंट रेलवे स्टेशन पर लगभग 20 वर्षों से सफाई का काम कर रहे कर्मचारी ने एक महिला संग मिलकर मूकबधिर महिला का छह माह का बच्चा चुरा लिया। बच्चा गायब होते ही उक्त महिला रोते-रोते कैंट पुलिस स्टेशन पहुंची। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आर्मी के टिकट कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की।
इस दौरान सफाई कर्मचारी भोला को बच्चा लेकर जाते देखा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोला को दबोच लिया। पुलिस की सख्ती से उसने सब सच बता दिया। भोला ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी सपना से उसकी मुलाकात हुई। सपना भोला के किराए के मकान में रह रही थी। उसने स्टेशन पर काफी समय से पुल के नीचे रह रही मूकबधिर महिला जिसे कुछ माह पहले बच्चा हुआ था को उठाने की योजना बनानी शुरू कर दी। सोमवार को उसने घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने भोला की निशानदेही पर छापामारी कर सपना को उक्त बच्चे समेत काबू कर लिया है।
महिला का हो चुकी है तलाक
जांच में पता चला है कि सपना पहले से शादीशुदा है और उसका पति से तलाक भी हो चुका है। बच्चा न होने के कारण सपना बच्चा चुराने की फिराक में थी। पुलिस ने आरोपित भोला व सपना को काबू कर अदालत में पेश करके एक दिन का रिमांड ले लिया है। पुलिस को शंका है कि कहीं उक्त महिला सपना इससे पूर्व भी ऐसा खेल तो नहीं खेल चुकी। पुलिस ने बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।