अमृतसर में बोले सुखबीर बादल, पंजाब की नाकाम सरकार व झूठे वायदे करने वाली पार्टियों से सावधान रहे जनता
अमृतसर में सुखबीर बादल मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की बैठक में पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस को पंजाब की नाकाम सरकार बताया। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी ने कहा कि पंजाब में विकास अकाली दल बादल की सराकर में ही हुआ है।
संवाद सहयोगी, अमृतसर। पंजाब में कांग्रेस की नाकाम सरकार व पंजाब की जनता को झूठे स्वपन दिखाने वाली पार्टियां से पंजाब की जनता को दूर रहना चाहिए। पंजाब के विकास व जनता की भलाई के लिए हमेशा ही शिरोमणि अकाली दल बादल ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। उक्त बात शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने भारतीय जनता पार्टी के मेडिकल सेल के जिला प्रधान रमन मल्होत्रा द्वारा अपने साथियों समेत शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने के दौरान करवाए गए समागम में की। उन्होंने कहा कि पंजाब में थर्मल प्लांट, सड़कों का जाल बिछाना, हाईवे बनाना तथा अन्य कार्य उनकी सरकार के समय ही हुए हैं। पंजाब के हर वर्ग के उत्थान लिए कार्य किया है।
पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद विकास का कार्य बिल्कुल ठप हो गया है। पंजाब में कांग्रेस सरकार ने जो वायदे किए थे वह सभी खोखले हो गए हैं। शिरोमणि अकाली दल जनता की भलाई के लिए कार्य करता है। इस समय कई नई पार्टियां पंजाब की जनता को गुमराह करने के लिए झूठे वायदे करने में लगी हुई है। पंजाब की जनता समझदार है। वह समझती है कि पंजाब में अगर विकास करवाना है तो शिरोमणि अकाली दल ही लोगों की पार्टी है।
सत्ता का सुख भोगने वाली कांग्रेस सरकार को पंजाब की जनता से कोई मतलब नहीं है। कुर्सियों के खातिर आपसी खींचातानी पंजाब की जनता के सामने हैं। लोकल बॉडी मनिस्टर होने के बावजूद नवजोत सिद्धू ने पंजाब तथा खास करके अमृतसर के लिए क्या काम किया है यह जनता जानती है। पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी ने अमृतसर के विकास के लिए अहम भूमिका निभाई है।
जिला भाजपा के मेडिकल सेल के पदाधिकारी हुए शिरोमणि अकाली दल में शामिल
पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी के प्रयास के तहत भाजपा के मेडिकल सेल के जिला प्रधान रमन मल्होत्रा अपने साथियों तथा 200 परिवारों के साथ अकाली दल में शामिल हो गए। पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने सभी सदस्यों को सिरोपा देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन सभी सदस्यों का पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। पार्टी में शामिल होने वालों में रमेश शर्मा, नवीन राजपूत, मनजीत सिंह, अरुण कपूर, शुभम सहगल, सुनील कुमार, वंश शिगारी, अनिल कुमार, अश्विनी बख्शी, गौरव भार्गव, राकेश गुप्ता शामिल थे।
इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल के जिला प्रधान गुरप्रताप सिंह टिक्का, तलवीर गिल, गुरप्रीत सिंह रंधावा, रजिंदर सिंह मरवाह, हरपाल भाटिया व अन्य सदस्य शामिल थे।