श्रमिकों के मददगार अभिनेता सोनू सूद के सम्मान में गीत, समाजसेवा का हर कोई हुआ कायल
कोरोना लॉकडाउन में श्रमिकों के मददगार बने अभिनेता सोनू सूद की चहुंओर तारीफ हो रही है। उनके सम्मान में दीप्ति तुली व बलराज स्याल ने गीत बनाया है।
जेएनएन, जालंधर। कोरोना लॉकडाउन के दौरान फिल्म अभिनेता जिस तरह से लोगों की खासकर श्रमिकों की मदद के लिए आगे आए उससे सभी लोग प्रभावित हैं। इस कार्य के लिए सोनू सूद की चहुंओर तारीफ हो रही है।अब सोनू सूद द्वारा किए गए कार्यों को गीत के जरिये भी बताया जा रहा है। जालंधर निवासी दीप्ति तुली व बलराज स्याल का गीत 'शुकर कर' रीयलाइज म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है। लोग गीत को खूब पसंद कर रहे हैं। यह गीत बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद के समाजसेवा से जुड़े कार्यों को समर्पित है।
जालंधर के सेंट्रल टाउन में संजीव कुमार तुली और मंजू तुली के घर जन्मी दीप्ति बॉलीवुड इंडस्ट्री में कदम रख चुकी हैं। पिछले कुछ साल से वह मुंबई में ही रहकर करियर बना रही हैं। दीप्ति ने बताया कि जालंधर के एचएमवी कॉलेज में पढ़ते हुए उन्होंने मॉडलिंग और एक्टिंग की शुरुआत की। धीरे-धीरे इसमें ही दिलचस्पी बढ़ती गई। फिर मुंबई चली आईं और विभिन्न नामी ब्रांड के लिए मॉडलिंग की। साथ ही सावधान इंडिया, हातिम जैसे सीरियल में अभिनय किया। दक्षिण की पॉपकॉर्न मूवी में भी अभिनय करने का मौका मिला।
दीप्ति का कहना है कि एक दिन वह बलराज से कांफ्रेंस पर बात कर रही थीं, तभी अचानक दिमाग में आया कि क्यों न कुछ ऐसा लिखा जाए या ऐसा गाना किया जाए जिससे लोग प्रेरित हो सकें। कोरोना लॉकडाउन में कई लोग खाना बनाना सीख रहे हैं और कोई कुछ कर रहा है। फिर भी वह कह रहे हैं कि बोर हो रहे हैं। जिसे जो मिला है उसमें ही खुश रहना चाहिए और भगवान का शुक्रिया करते रहना चाहिए, इसलिए हम सबने मिलकर इस गाने को लिखा, इस पर काम किया और लगभग एक महीने में गाना तैयार किया। गाना तैयार होने में इसलिए इतना समय लगा, क्योंकि हर कोई घर से ही काम कर रहा था। अभिनेता सोनू सूद से नि:स्वार्थ कार्यों को देखते हुए यह गाना उनके सम्मान के लिए समर्पित है।