शिव सेना हिंद ने कहा, एसपी शिंदरपाल पर कार्रवाई ना हुई तो लुधियाना में होगा थाने का घेराव
शिव सेना हिन्द के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेश बख्शी की शिकायत के बाद रिटायर्ड एसपी शिंदर पाल पर पर्चा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि दुखद बात ये है कि अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई है।
जालंधर, जेएनएन। शिव सेना हिंद ने हिंदुओं के आराध्य भगवान श्री हनुमान जी को लेकर गलत शब्द बोलने वाले रिटायर्ड एसपी शिंदरपाल को गिरफ्तार करने की मांग की है। जालंधर में एक विशेष बैठक में जिला अध्यक्ष सोहित शर्मा और पंजाब उपप्रधान मोहित वर्मा में हुई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा ईशांत शर्मा भी उपस्थित हुए।
ईशांत शर्मा ने कहा कि रिटायर्ड एसपी शिंदर पाल की टिप्पणी के कारण हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने बताया कि शिव सेना हिंद के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेश बख्शी की शिकायत के बाद रिटायर्ड एसपी शिंदर पाल के खिलाफ धारा 295 के तहत पर्चा दर्ज किया गया है। बावजूद इसके अभी तक पुलिस ने शिंदर पाल को गिरफ्तार नहीं किया है।
शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तुरंत रिटायर्ड एसपी शिंदर पाल की गिरफ्तारी नही की गई तो शिव सेना हिंद कई हिंदू संगठनों के साथ सड़कों पर उतरेगी। पुलिस ने अगर शिंदर पाल को सलाखों के पीछे नही पहुंचाया तो पार्टी के वर्कर्स लुधियाना के डुगरी थाने के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि शिंदर पाल सिंह को पुलिस को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए क्योंकि ऐसे लोग ही धर्म के नाम पर जहर घोल कर दंगे करवाने की साजिश करते हैं। उन्होंने कहा कि शिव सेना हिंद पंजाब में हिंदू देवी देवताओं का अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि एसपी शिंदरपाल ने FIR दर्ज होते ही परिवार के साथ हनुमान जी के मंदिर पहुंच कर भूल के लिए माफी मांगी है। मंदिर के पुजारी ने उन्हें माफ करने की बात कही है पर हिंदू संगठन उन्हें माफ नही करेंगे। हम उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाकर ही रहेंगे।