कांग्रेस का 'हाथ' झटक पूर्व आप नेता चंदन ग्रेवाल अकाली दल में शामिल, सुखबीर ने बनाया पार्टी उपप्रधान
जालंधर में सफाई मजदूर यूनियन नेता चंदन ग्रेवाल के पिछले दिनों कांग्रेस में शामिल होने के कयास लगे थे। वह पहले आम आदमी पार्टी में रह चुके हैं।
जागरण संवाददाता जालंधर। जिले की राजनीति में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पिछले कई दिनों से पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं के बीच आखिरकार पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन के प्रधान चंदन ग्रेवाल साथियों समेत अकाली दल में शामिल हो गए। मंगलवार को अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने चंदन ग्रेवाल को उनके घर जाकर पार्टी में शामिल किया। इससे पहले यहां उनका ग्रेवाल समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।
मार्ग में फूल बिछाकर अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल का स्वागत करते हुए ग्रेवाल समर्थक।
इससे पहले चंदन ग्रेवाल 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ की मौजूदगी में दोपहर को कांग्रेस में शामिल हुए थे लेकिन 2 घंटे बाद ही उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने से इन्कार कर दिया था। बताया जा रहा है कि ग्रेवाल कांग्रेस में शामिल होने के लिए रखी अपनी शर्तें नहीं माने जाने से नाराज थे। जालंधर सहित पूरा दोआबा दलित और वाल्मीकि समुदाय बाहुल्य है। इसके मद्देनजर चंदन ग्रेवाल के अकाली दल में शामिल होने से जालंधर संसदीय सीट पर कांग्रेस का गणित गड़बड़ा सकता है।
आप की टिकट पर करतारपुर से चुनाव लड़े थे चंदन ग्रेवाल
वर्ष 2017 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में चंदन ग्रेवाल आम आदमी पार्टी की टिकट पर करतारपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे थे। हालांकि यहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने आदमी पार्टी का दाम छोड़ दिया था।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप