NRI से शादी से कर रहे हैं तो पढ़ लें यह खबर, इन बातों का रखें विशेष ध्यान
अगर आप अपनी बेटी की शादी किसी NRI लड़के से कर रहे हैं तो एक बार यह खबर जरूर पढ़ लें। शादी करने से पहले माता-पिता को लड़के के बारे में पूरी तरह से जांच पड़ताल कर लेनी चाहिए।
जेएनएन, नवांशहर। अगर आप अपनी बेटी की शादी किसी NRI लड़के से कर रहे हैं तो एक बार यह खबर जरूर पढ़ लें। शादी करने से पहले माता-पिता को लड़के के बारे में पूरी तरह से जांच पड़ताल कर लेनी चाहिए। पंजाब सरकार के प्रवासी मामलों के विभाग ने इस संबंध में NRI लड़कों द्वारा पंजाब में शादी करवाने के बाद लड़कियों से धोखाधड़ी किए जाने की रोकथाम के लिए राज्य के सभी लोगों के लिए जागरूकता कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत लोगों को विदेश में अपनी लड़कियों का रिश्ता करने से पहले विदेश में रहने वाले लड़कों की अच्छी प्रकार से जांच पड़ताल करने के लिए सुझाव दिए गए हैं।
लोगों से कहा गया है कि वे कॉलेजों और यूनिवर्सिटी स्तर पर विद्यार्थियों को जागरूक करें। डिप्टी कमिश्नर विनय बबलानी ने बताया कि प्रवासी मामलों के विभाग ने बेटियों के मां-बाप को सुझाव दिया है कि अपनी लड़की की विदेश में शादी करने से पहले NRI दूल्हों की स्थिति के बारे में गहन जांच करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि विदेश में रहने वाले लड़के के बारे में पहले पता कर लिया जाए कि उसकी स्थिति किस प्रकार की है। वह किस प्रकार के वीजा पर उस जगह रह रहा है। वह जिस देश में रह रहा है क्या उसकी शर्तों के मुताबिक दूसरे देश में वह शादी करने की योग्यता रखता है अथवा नहीं।
अपने पास रखें भारतीय दूतावास के नंबरों की सूची
डीसी ने कहा, प्रवासी दूल्हों की वित्तीय स्थिति की जानकारी लेने के लिए सचेत करते हुए विभाग ने उसकी भारत में जायदाद, घर के पते, परिवारिक स्थिति, वीजा व पासपोर्ट के अलावा उसके वोटर रजिस्ट्रेशन कार्ड तथा सामाजिक सुरक्षा नंबर की भी पड़ताल करने को जरूरी बताया है। उन्होंने कहा, यदि कोई गंभीर स्थिति पैदा होती है उसके लिए अपने घर के नजदीक के बैंक में अपना खाता जरूर खुलवाएं और अपने पड़ोसियों, संबंधियों, पुलिस, एंबुलेंस और भारतीय दूतावास के नंबरों की सूची अवश्य अपने पास रखें। किसी तरह की घटना के समय यह सब काम आएगा।
भारत में हो शादी, फोटो व प्रमाण पत्र जरूर रखें
डीसी ने कहा, विदेश में रहने वाले लड़के की शादी कानूनी तौर पर तथा धार्मिक रीति-रिवाजों से भारत में ही की जाए और उसके सदस्यों की फोटो व प्रमाण पत्र जरूर एकत्रित करें। शादी के बाद दूल्हे और उसके रिश्तेदारों के साथ मोबाइल और ईमेल पर संपर्क बनाए रखें। बेटी को विदेश भेजने से पहले उसे वहां के कानून और उनके मुताबिक उसके अधिकारों के बारे में जरूर अवगत करवाया जाए। उन्होंने बताया कि विवाहित लड़की के साथ किसी भी तरह के घरेलू झगड़े तथा शोषण की स्थिति में वहां की अथॉरिटी और आपने जानकारों को जरूर सूचित किया जाए।
लड़की भरोसे के लोगों के पास रखे अपने दस्तावेज
विवाहित लड़की अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज जिनमें पासपोर्ट, वीजा, बैंक, जायदाद, मैरिज सर्टिफिकेट और दूसरे जरूरी दस्तावेज व फोन नंबर अपने माता-पिता और भरोसे के लोगों के पास जरूर रखें, ताकि इन दस्तावेजों की जरूरत पड़े तो काम में लाए जा सकेंं। यदि दस्तावेज खो जाएं तथा जबरन छीनकर नष्ट कर दिए जाएं तो ऐसी स्थिति में सामना करने के लिए इन दस्तावेजों की स्कैन करके अपने पास अवश्य रखें। इसके लिए सबसे जरूरी पति से संबंधित विवरण जैसे पासपोर्ट, वीजा, जायदाद का विवरण अपने पास रखने की कोशिश की जाए। कभी भी समस्या आए तो ये सारी चीजें काम आ सकती हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें