पंजाब मौसम अपडेटः पूरे दिन चली ठंडी हवाएं; शाम को जालंधर, लुधियाना और अमृतसर सहित कई शहरों में रिमझिम बारिश
पंजाब में जारी शीत लहर के बीच बुधवार देर शाम जालंधर और अमृतसर सहित प्रदेश के कई जिलों में शाम को रिमझिम बारिश शुरु हो गई है। पहले से ठंड से परेशान लोग घरों में दुबक गए हैं।
जेएनएन, जालंधर/अमृतसर/लुधियाना। आखिरकार मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हुई है। पंजाब में जारी शीत लहर के बीच बुधवार देर शाम जालंधर, लुधियाना और अमृतसर सहित प्रदेश के कई जिलों में शाम को रिमझिम बारिश हो रही है। पहले से ठंड से परेशान लोग घरों में दुबक गए हैं। प्रदेश में पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड से जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। लोगों को सूरज के दर्शन किए ही करीब दस दिन बीत चुके हैं।ठंड के कारण लोग अपने घरों में कैद है और रोजाना धूप खिलने की दुआएं मांग रहे हैं। इसके साथ ही बुधवार को पूरा दिन ठंडी हवा चलने के कारण हाड़ कंपाने वाले ठंड महसूस हो रही है।
अमृतसर में एयरपोर्ट मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मंगलवार को भी इतना ही था। बुधवार शाम को हल्की बारिश भी शुरु हो गई। जिस कारण ठंड और भी ज्यादा बढ़ गई और ठंडी हवा भी चलती रही।
बुधवार शाम को लुधियाना में भी बारिश आरंभ हो गई। महानगर में बूंदाबांदी के बीच से गुजरते हुए एक वाहन।
जालंधर में घरों में दुबके लोग, बाजारों से रौनक गायब
जालंधर के बाजारों में ठंड के चलते सन्नाटा पसरा हुआ है। दुकानदार दिन भर ग्राहकों का इंतजार करके शाम को निराश घर लौट रहे हैं। जालंधर में अधिकतम तापमान 13.1 व न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सप्ताह के अंतिम दिनों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ साथ बारिश होने की संभावना है। यानी ठिठुरन बरकरार रहेगी। इससे पहले अगले दो दिन तक धुंध रहेगी जिसका विजिबिलटी पर खासा असर पड़ेगा।
मौसम विशेषज्ञ डा. वीनित शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के अलावा ठंड के लिए ला नीना भी जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि ठंड का संबंध प्रशांत महासागर की समुद्री सतह के तापमान में होने वाले बदलावों से है। इसका प्रभाव दुनिया भर में मौसम पर पड़ता है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के साथ ला नीना के कारण ठंड बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वीकेंड पर बारिश की संभावना है। इस दौरान आसमान में दिन भर बादल छाए रहेंगे।
उधर, सिविल सर्जन डा. रणजीत सिंह ने कहा कि लोग गर्म कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलें। उन्होंने शरीर का तापमान कम होने या फिर चक्कर आने व घबराहट होने पर माहिर डाक्टर की सलाह से दवा लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि इन दिनों में लोग विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करें।
यह भी पढ़ें - इग्नू की दिसंबर सेशन की परीक्षाएं स्थगित होने से स्टूडेंट्स परेशान, जानें यूनिवर्सिटी ने क्या दिया जवाब
यह भी पढ़ें - एक भाई कांग्रेस प्रत्याशी और दूसरा भाजपा नेता, रहते साथ-साथ, बेहद अनोखी है बाजवा ब्रदर्स की कहानी