Weather: जालंधर में रुक-रुककर हो रही बारिश, पारा गिरने से फिर बढ़ी ठंड
कुछ दिन धूप निकलने के बाद मौसम के तेवर फिर बदल गए हैं। शनिवार को दिनभर और रात को हल्की बूंदाबांदी होती रही। रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं।
जेएनएन, जालंधर। कुछ दिन धूप निकलने के बाद मौसम के तेवर फिर बदल गए हैं। शनिवार को दिनभर और रात को हल्की बूंदाबांदी होती रही। रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हो रही है। बादल छाने से तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों ने मौसम में आए बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया है। साथ ही यह भी कहा कि ठंड का असर अगले सप्ताह तक रहने की उम्मीद है।
लोग गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर
मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों को दोबारा गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से दोपहर में तापमान का पारा चढऩे की वजह से लोगों ने गर्म कपड़े समेटने शुरू कर दिए थे। शनिवार को सुबह आसमान में बादल छाए रहने के बाद दोपहर रिमझिम बारिश ने तापमान में ठंडक पैदा कर दी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी बारिश होने के आसार हैं। महाशिवरात्रि को भी आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। शनिवार को बाद दोपहर बारिश होने के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।
तीन-चार दिन तक छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के डायरेक्टर डॉ. सुरिन्दर पाल के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते बारिश हो रही है। अगले सप्ताह में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस इजाफा तथा न्यूनतम में दो डिग्री सेल्सियस गिरावट होने का अनुमान है। अगले तीन चार दिन तक आसमान के कुछ हिस्से में बादल छाए रहने का अनुमान है। शनिवार को अधिकतम तापमान 17 व न्यूनतम 11.6 दर्ज किया गया।