पंजाब में तेज रफ्तार कार ने नाके पर एएसआइ को टक्कर मार 100 मीटर घसीटा, तड़पकर मौत
48 वर्षीय एएसआइ कश्मीर सिंह मंगलवार रात नाके ड्यूटी दे रहे थे। रात करीब सवा दस बजे फिरोजपुर के मक्खू की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टार्च लेकर खड़े एएसआइ को जोर से टक्कर मार दी।
जागरण टीम, तरनतारन/फिरोजपुर। अन्य राज्यों से धान लाकर पंजाब की मंडियों में बेचने से रोकने के लिए बनाई गई फ्लाइंग टीम के इंचार्ज एएसआइ कश्मीर सिंह को एक तेज रफ्तार कार ने नाके पर बुरी तरह रौंद दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना मंगलवार रात करीब सवा दस बजे तरनतारन व फिरोजपुर जिले की सीमा पर हरिके पत्तन नहर के पास गांव तलवंडी नेपारा (नौशहरा पन्नुआ) के नाके पर हुई।
नाके पर तरनतारन के सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी नवदीप सिंह और फूड इंस्पेक्टर हरमनप्रीत सिंह भी तैनात थे। नवदीप सिंह ने बताया कि वह और 48 वर्षीय एएसआइ कश्मीर सिंह मंगलवार रात नाके ड्यूटी दे रहे थे। रात करीब सवा दस बजे फिरोजपुर के मक्खू की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टार्च लेकर खड़े एएसआइ को जोर से टक्कर मार दी। कश्मीर सिंह करीब 100 मीटर तक कार से घिसटते हुए चले गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
पोते को देखने के लिए वीडियो काल की, लेकिन बात नहीं हो पाई
एएसआइ कश्मीर सिंह नाके पर ड्यूटी के कारण दो दिन से घर नहीं जा पाए थे। मंगलवार रात सवा दस बजे उन्होंने अपने बेटे सागर को फोन करके बताया था कि देर रात को घर लौट पाएंगे। कश्मीर सिंह ने अपने डेढ़ साल के पोते को देखने लिए मोबाइल से वीडियो काल भी की लेकिन सिग्नल कमजोर होने के कारण बात नहीं हो पाई। सागर ने बताया कि कुछ देर बाद ही पता चला कि उसके पिता को ड्यूटी के दौरान नाके पर कार ने रौंद दिया है। बुधवार को कश्मीर सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके परिवार में उनकी पत्नी बलविंदर कौर के अलावा तीन बेटियां व दो बेटे हैं।
गाड़ी का नंबर व चालक की पहचान पता नहीं कर पाई पुलिस
पुलिस अभी तक टक्कर मारने वाली कार का नंबर और उसके चालक की पहचान पता नहीं कर पाई है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। सिर्फ इतना पता चला है कि टक्कर सफेद रंग की ब्रेजा कार ने मारी थी। थाना मक्खू के एएसआइ गुरविंदर सिंह ने बताया कि कार व चालक के बारे में जल्द पता लगाया जाएगा।
माफिया का निशाना तो नहीं बने?
पंजाब के डीजीपी के आदेश पर प्रदेश भर में फ्लाइंग टीमों का गठन हुआ था, जिसके बाद दो अक्टूबर को तरनतारन के गांव रत्तागुद्दा की अनाज मंडी में बिहार से गैर कानूनी ढंग से दस ट्रकों में लाया गया ८०० बोरी धान पकड़ा गया था। आशंका है कि इस माफिया से जुड़े लोगों ने ही कश्मीर सिंह की हत्या के इरादे से उन्हें कार से टक्कर मारी होगी।