Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Punjab News: 'कांग्रेस में दम है तो CBI जांच की मांग करे', रवनीत बिट्टू बोले- किसानों की सबसे बड़ी हितैषी है BJP

    केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि भाजपा किसानों के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने धान की फसल की खरीद के लिए पंजाब सरकार को 44 हजार करोड़ रुपये जारी किए हैं। बिट्टू ने कांग्रेस पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि आम आदमी पार्टी को नगर निगम चुनाव में सफलता नहीं मिलेगी।

    By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Mon, 02 Dec 2024 12:54 PM (IST)
    Hero Image
    रेलवे स्टेशन विकास कार्यों का रनवीत बिट्टू ने लिया जायजा।

    जागरण संवाददाता, जालंधर। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने रविवार को जालंधर में कहा कि भाजपा किसानों के सबसे बड़ी हितैषी है। उन्होंने कहा कि इसी कारण केंद्र सरकार ने धान की फसल की खरीद के लिए 44 हजार करोड़ रुपये पंजाब सरकार को जारी किए। बिट्टू ने कहा कि कांग्रेस के सांसद किसानों को फसल का पैसा कम मिलने के आरोप लगा रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस के पंजाब से सांसदों ने लोकसभा में तख्तियां लेकर किसानों को कम पैसा मिलने के खिलाफ प्रदर्शन किया। यदि कांग्रेस में दम है तो वह पंजाब के राज्यपाल, प्रधानमंत्री गृहमंत्री अमित शाह से इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करे। कांग्रेस ऐसा नहीं करेगी क्योंकि कांग्रेस का आप से गठबंधन है।

    'सभी शहरों में अपना मेयर बनाएगी भाजपा'

    उन्होंने कहा कि किसानों से बातचीत के लिए भाजपा 100 प्रतिशत तैयार है। पहले भी बातचीत हुई है और आगे भी यह प्रयास करेगी कि किसानों से बातचीत हो। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों को भाजपा के खिलाफ गुमराह करने के पीछे आम आदमी पार्टी की सरकार ही काम कर ही है। केंद्रीय मंत्री ने कि आम आदमी पार्टी को नगर निगम चुनाव में सफलता नहीं मिलेगी।

    भाजपा सभी शहरों में अपना मेयर बनाएगी। लोग जान गए हैं कि विकास के लिए केंद्र से ही पैसा आना है और भाजपा के मेयर होंगे तो केंद्र से आने वाला पैसा विकास पर ही खर्च होगा। केंद्र के भेजे पहले अरबों रुपए के फंड करप्शन की भेंट चढ़ गए हैं और मौका आने पर इसकी जांच होगी। कोई भी भ्रष्टाचारी बचेगा नहीं।

    'AAP में फूट, आप ने पंजाब में लगा दिए दो प्रधान'

    नगर निगम चुनाव में जीत का दावा करते हुए बिट्टू ने कहा कि विधानसभा के उपचुनाव पूरी तरह से देहात के इलाकों में थे जहां भाजपा कभी चुनाव नहीं लड़ी। इन विस क्षेत्रों में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है। अब तो चुनाव ही शहर में है और लोकसभा चुनाव की बात कर लें तो भाजपा ने शहर में लीड हासिल की थी।

    जालंधर में ही 60 वार्ड पर भाजपा आगे रही थी। मीडिया से बातचीत में रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि आम आदमी में फूट है। आप ने पंजाब में दो प्रधान लगा दिए हैं और इनमें जल्द ही टकराव देखने को मिलेगा।

    निगम चुनाव में आप पार्टी बिखर जाएगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रधान अमन अरोड़ा अभी तक प्रधान की कुर्सी पर नहीं बैठे पाए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान से उनकी बनती नहीं है और एक बार भी दोनों साथ नजर नहीं आए है।

    12 रेलवे स्टेशनों का 270 करोड़ रुपये से हो रहा विकास

    रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि फिरोजपुर डिवीजन में पंजाब के 12 रेलवे स्टेशनों को 270 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनः विकसित किया जा रहा है जिनमें जालंधर कैंट, ढंडारी कलां, फिल्लौर, फगवाड़ा, कोटकपूरा, मुक्तसर, फिरोजपुर कैंट, फाजिल्का, मोगा, होशियारपुर, कपूरथला, गुरदासपुर और पठानकोट सिटी शामिल हैं।

    उन्होंने जालंधर कैंट स्टेशन का निर्माण पूरा होते ही वंदे भारत एक्सप्रेस का स्टॉपेज भी दिलाने की बात कही। इस मौके पर उनके साथ पूर्व निकायमंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व सांसद सुशील रिंकू, पूर्व सीपीएस केडी भंडारी, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन सरबजीत मक्कड़ और डीआरएम फिरोजपुर डिवीजन संजय साहू सहित रेल अधिकारी मौजूद थे।