Punjab: शख्स ने चलती बस में महिला को कुत्ते की तरह काटा, दूसरों पर भी लपका तो बीच रास्ते मची अफरा-तफरी
पंजाब में चलती बस में अजीब घटना हुई। बस नवांशहर से होशियारपुर आ रही थी। रास्ते में अचानक एक व्यक्ति ने पास बैठी महिला को कुत्ते की तरह काट लिया। उसने शोर मचाया तो वह व्यक्ति अन्य सवारियों को भी काटने दौड़ा। चालक ने बस रोकी तो लोग उतर भागे।
संवाद सहयोगी, होशियारपुर। नवांशहर से होशियारपुर आ रही सरकारी बस में अजब घटना देखने को मिली है। कुत्ता इंसान को काटता है, ये तो आपने सुना होगा लेकिन यहां बस में बैठा एक व्यक्ति अचानक बदहवास होकर लोगों को काटने लगा। पहले उसने पास की सीट पर बैठी महिला को काटा। महिला दर्द से चिल्लाने लगी तो लोग उसे बचाने दौड़े। इस पर वह व्यक्ति उन्हें भी काटने के लिए दौड़ा। उसे हमलावर देख पूरी बस में अफरा-तफरी मच गई। चालक को कुछ समझ नहीं आया तो उसने बस रोक दी। मौका मिलते ही सारी सवारियां बस से नीचे उतर भागी और वह व्यक्ति बस के अंदर अकेला बैठा रहा। फिर, चालक ने थाना चब्बेवाल पुलिस को सूचना दी। घटना बुधवार सुबह गांव चग्गरां के पास की है।
मौके पर पहुंचे एएसआइ परमजीत ने पड़ताल के बाद कहा कि नवांशहर से होशियारपुर आ रही सरकारी बस में सफर कर रहा 45 वर्षीय व्यक्ति सुभाष नगर का रहने वाला है। वह अपना नाम नहीं बता रहा था। उसने पास की सीट पर बैठी महिला को अचानक दांतों से काटना शुरू कर दिया। एक बार काटने पर महिला ने चिल्लाना शुरू कर दिया। बस में बैठी दूसरी सवारियां जैसे ही उस व्यक्ति के पास जाने की कोशिश की तो वह उन पर भी आक्रामक हो गया और उन्हें काटने की कोशिश करने लगा। कुछ ही देर में सारी सवारियां बस से बाहर निकल कर भागने लगी। केवल वही व्यक्ति बस के अंदर बैठा रहा। उन्होंने बताया कि जिस महिला को उस व्यक्ति ने काटा है, उसके रिश्तेदारों ने कोई भी कार्रवाई करवाने से इंकार किया है।
डॉक्टर बोले- दौरे पड़ने पर होता है ऐसा, टेटनस का टीका लगवाए पीड़ित
सिविल अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. राज कुमार ने कहा कि ऐसा दिमागी बीमारी के कारण होता है। कारण कुछ भी हो सकता है। यह बीमारी हर किसी पर अलग-अलग प्रभाव दिखाती है। इसमें दांत से काटना भी एक होता है। बीमार का अचानक व्यवहार बदल जाता है। ऐसे में दांत काटने से पीड़ित को टेटनस का टीका जरुर लगवाना चाहिए। यदि जख्म गहरा है तो एंटी रैबीज उपचार भी कराना चाहिए। ऐसे इंसान का काटना भी घातक हो सकता है।
यह भी पढ़ें- जालंधर में सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर का समय बदला, अब रात 10 बजे बंद होंगे कपाट
यह भी पढ़ें- Murder in Jalandhar : जालंधर में गोलियां मारकर युवती की हत्या, नहर से मिली लाश