Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ब्यास व सतजुल दरिया का जलस्तर बढ़ा, पंजाब के 5 जिलों में बाढ़ जैसे हालात

    Updated: Wed, 13 Aug 2025 10:25 PM (IST)

    पंजाब में भारी बारिश के कारण हालात गंभीर हो गए हैं। पौंग डैम से लगातार पानी छोड़े जाने से ब्यास दरिया खतरे के निशान से ऊपर बह रही है जिससे गुरदासपुर क ...और पढ़ें

    Hero Image
    पंजाब के 5 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, जालंधर। पौंग डैम से लगातार ब्यास दरिया में पानी छोड़ा जा रहा है। ब्यास दरिया खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। सतलुज दरिया में भी जलस्तर बढ़ा है। पांच जिलों गुरदासपुर, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर व फिरोजपुर में बाढ़ जैसे हालत बन गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार दो दिन 14 व 15 अगस्त को राज्य में भारी वर्षा हो सकती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कपूरथला में गांव भैणी कादर गांव में अस्थायी बांध टूटने के कारण 16 गांव ब्यास दरिया के पानी से घिरे हैं। लगातार बढ़ रहे जलस्तर से हजारों एकड़ फसल पानी में डूब गई है। डीसी अमित कुमार पंचाल ने बताया कि दरिया में 1.10 लाख क्यूसेक पानी बह रहा है।

    सुल्तानपुर लोधी और ढिलवां के क्षेत्र एरिया में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और जलस्तर पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। गुरदासपुर जिले के श्रीहरगोबिंदपुर साहिब के तीन गांव फत्ता, गंधूवाल और तलवाड़ा पानी से घिर गए हैं। 200 एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई है।

    ग्रामीण पलायन करने लगे हैं। गांव फत्ता के गुरुद्वारा साहिब से श्री गुरु ग्रंथ साहिब का पावन स्वरूप सुरक्षित पर ले जाया गया है। ग्रंथी गुरमीत सिंह, धर्मिंद्र सिंह, हरजीत सिंह और निशान सिंह ने बताया कि ब्यास दरिया का पानी का स्तर बढ़ रहा है। बाढ़ के खतरे के कारण ग्रामीण सुरक्षित स्थान पर जाना शुरू हो गए हैं।

    अमृतसर जिले में ब्यास दरिया खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। कई गांवों में पानी घुस गया है और धान की फसलें पानी में डूब गई हैं। उधर, हरिके हेड से छोड़े गए पानी के कारण सतलुज का जलस्तर बढ़ने से जीरा हलके के छह गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। फिलहाल बुधवार को जलस्तर थोड़ा कम रहा, जिससे थोड़ा राहत नजर आई।

    भाखड़ा से छोड़ा गया 26,000 क्यूसेक पानी भाखड़ा बांध का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को जलस्तर 1650.08 फीट पर पहुंच गया है जोकि खतरे के निशान से 34 फीट नीचे है। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के अनुसार 24 घंटे में बांध से 26,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यदि भारी वर्षा हुई तो सतलुज के किनारे के क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित हो सकते हैं।