श्वेत मलिक बोले- सिद्धू को राहुल गांधी की शह, कैप्टन के काम में रुकावट डालने के लिए भेजा Jalandhar News
पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने जानबूझकर सिद्धू को शह दी हुई है।
जासं, जालंधर। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष श्वेत मलिक ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। कैप्टन-सिद्धू विवाद की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि खुद राहुल गांधी ने कैप्टन को कमजोर करने के लिए सिद्धू को शह दी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में पंजाब बर्बाद हो रहा है। मलिक रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर हुई कार्यशाला में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
कार्यशाला के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। मलिक ने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति का शिकार होकर पंजाब बर्बादी की तरफ जा रहा है। ऐसा पहली बार देखा जा रहा है कि किसी राजनीतिक दल का प्रधान अपने ही मुख्यमंत्री को नुकसान पहुंचाने के लिए एक्टिव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के काम में रुकावट डालने के लिए नवजोत सिंह सिद्धू को भेजा हुआ है। कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति से आम जनता को नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नवजोत सिंह सिद्धू को स्थानीय निकाय विभाग से हटाकर भाजपा की इस बात को साबित कर दिया है कि पंजाब में शहरों में विकास कार्य रुक चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठे वादों से जनता तंग आई गई है और भाजपा में वापसी हो रही है। 6 जुलाई से माधोपुर से भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है और यह सभी रिकॉर्ड तोड़ेगा।