दुष्कर्म के आरोपितों पर राजीनामा करने के दबाव बनाने का आरोप
गांव गाखल में एक व्यक्ति ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने वालों के रिश्तेदारों द्वारा राजीनामा करने का दबाव डालने का आरोप लगाया है।
जालंधर : गांव गाखल में एक व्यक्ति ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने वालों के रिश्तेदारों द्वारा राजीनामा करने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोप लगाया कि आरोपित के रिश्तेदार उसे तथा उसकी बेटी को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। प्रेस क्लब में पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि गांव गाखल के एक व्यक्ति ने बताया कि गांव के गुरविंदर सिंह ने अपनी बहन की मदद से उसकी बेटी से दुष्कर्म किया। इस संबंध में थाना लांबड़ा में आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज है और इस समय दोनों भाई बहन कपूरथला जेल में बंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस दिन से केस दर्ज हुआ है उसी दिन के बाद से आरोपितों के ताया का बेटा मनदीप सिंह लगातार उन पर राजीनामे का दबाव बना रहा है। तथा धमकी दे रहा है कि अगर राजीनामा नहीं किया तो वे उनका और उनकी बेटी की हत्या कर देगा। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले मनदीप सिंह ने उनके रिश्तेदार को फोन करके इस मामले से पीछे हटने को कहा था तथा धमकी दी थी कि अगर उसने राजीनामा करके उसकी बहन और भाई को रिहा न करवाया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने एसएसपी नवजोत सिंह माहल से फरियाद की कि आरोपित मनदीप सिंह पर जान से मारने व धमकियां देने का केस दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर उसके व उसके परिवार को कोई नुकसान हुआ तो इसका जिम्मेदार आरोपित मनदीप, गुरविंदर सिंह व उनकी बहन होगी।