परिवार की गरीबी दूर करने दुबई गया था प्रभजोत, 40 दिन बाद ताबूत में लौटा Jalandhar News
लगभग 40 दिन पहले रोटी की तलाश में दुबई गया प्रभजोत शुक्रवार को सफेद चादर में लिपटा घर पहुंचा।
शाहकोट, जेएनएन। लगभग 40 दिन पहले रोटी की तलाश में दुबई गया प्रभजोत शुक्रवार को सफेद चादर में लिपटा घर पहुंचा। एक सप्ताह पहले प्रभजोत की मौत हो गई थी। घर में शव पहुंचते ही चीख पुकारों की आवाज ने सबकी आंखें नम कर दी। शाहकोट शहर में निम्मां वाला स्कूल के पीछे इंप्लाइज कॉलोनी में रहने वाले लखविंदर सिंह पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब 21 वर्षीय बेटे प्रभजोत का शव घर पहुंचा।
गमगीन माहौल में चाचा परगट सिंह ने बताया कि प्रभजोत बीए पास करने के बाद शाहकोट में अकाउंटेंट का काम करता था। प्रभजोत के पिता एक निजी स्कूल में बस चालक हैं। घर की गरीबी को दूर करने के लिए मजबूत इरादे वाला प्रभजोत ताई के बेटे कमलजीत सिंह के पास 13 दिसंबर को दुबई चला गया। ताया के लड़के कमलजीत ने 12 जनवरी को फोन करके बताया कि प्रभजोत की तबीयत ठीक नहीं थी। उसे अस्पताल दाखिल करवाया है, लेकिन कुछ दिन बाद उसकी मौत की खबर सुनी।
कमलजीत सिंह ने यह सोचा था कि अगर पारिवारिक सदस्यों को उसकी मौत की खबर मिली तो वह बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे, इसलिए उसने वहां पर प्रभजोत सिंह का शव घर भेजने के लिए सरबत दा भला ट्रस्ट के फाउंडर डॉ. एसपीएस ओबराय से संपर्क किया। ट्रस्ट ने दुबई में औपचारिकताएं मुकम्मल करने के बाद करीब एक सप्ताह मे शव को भारत भेजा। दुबई से अमृतसर हवाई अड्डे पर दोपहर करीब 2:20 पर शव पहुंचा। वहां पर सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद देर शाम शव को घर लाया गया। शनिवार दोपहर 12 बजे प्रभजोत सिंह का अंतिम संस्कार मोगा रोड स्थित स्वर्ग आश्रम में किया जाएगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें