जालंधर के संगत सिंह नगर में गोलियां चलाने वालों से पुलिस उगलवाएगी राज, आज अदालत में पेशी
सूरज और प्रिंस पर जस्सा हत्याकांड में जेल में बंद अजय और विजय के घरवालों पर गोलियां चलाने का आरोप है। ऐसे में पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर हथियार बरामद करने का प्रयास करेगी। पुलिस उनके पास से हथियार बरामद कर सकती है।
जालंधर, जेएनएन। संगत सिंह नगर में गोलियां चलाने के आरोपित जस्सा के दोस्त सूरज और दशमेश नगर के प्रिंस उर्फ बिल्ला को पुलिस बुधवार को अदालत में पेश करेगी। दोनों के पास से और अवैध हथियार मिलने की संभावना है। सूरज और प्रिंस पर जस्सा हत्याकांड में जेल में बंद अजय और विजय के घरवालों पर गोलियां चलाने का आरोप है। ऐसे में पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर हथियार बरामद करने का प्रयास करेगी।
एसीपी हरसिमरत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के पास से जो हथियार मिले हैं, वो सारे अवैध हैं। ऐसे में उनके पास से और भी हथियार मिल सकते हैं। इसलिए उनसे पूछताछ जरूरी है। वहीं इस मामले में पुलिस लड़ाई की वजह भी पूरी तरह से साफ करना चाहती है। आरोपित अवैध हथियार कहां से लाए थे, इसकी भी पूछताछ रिमांड के दौरान की जाएगी। 14 नवंबर को इस मामले में गोपी और प्रिंस रंधावा को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गत सोमवार को पुलिस ने तीसरे आरोपित सूरज को गिरफ्तार कर लिया था। चौथा आरोपित भी मंगलवार को गिरफ्तार हो गया था।
गत दिन संगत सिंह नगर में रहने वाली रानी पत्नी सैमुअल मसीह ने बताया था कि 14 तारीख को उसके घर पर दो युवक आए। उन्होंने कहा कि वे उसके बेटे अजय के दोस्त हैं। उनके साथ दो युवक और थे, जिन्होंने उनको देखते ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। वह किसी तरह घर के अंदर भागे और अपनी जान बचाई। रानी ने बताया कि कुछ दिन पहले इलाके में जस्सा नाम के युवक की हत्या हुई थी। उसी आरोप में उसके दोनों बेटे अजय और विजय जेल में बंद हैं। जिस युवक ने उन पर गोली चलाई वो जस्सा का भांजा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर गोपी और प्रिंस रंधावा को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल होने वाली बाइक भी बरामद कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने सूरज और अब प्रिंस उर्फ बिल्ला को भी गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें