पंजाब कश्मीर फाइनांस की चेयरपर्सन राजमोहिनी का निधन, आज शाम 5 बजे होगा अंतिम संस्कार
राजमोहिनी सौंधी का अंतिम संस्कार 28 जनवरी मंगलवार को शाम पांच बजे किशनपुरा स्थित श्मशानघाट में होगा।
जालंधर, जेएनएन। पंजाब कश्मीर फाइनांस (पीकेएफ) की चेयरपर्सन राजमोहिनी सोंधी (87) का सोमवार को देहांत हो गया। ग्रुप के एमडी और उनके बड़े बेटे आलोक सोंधी ने बताया कि 87 वर्ष की उम्र में भी उनकी मां राजमोहिनी काफी एक्टिव थीं और दफ्तर का पूरा कामकाज खुद ही संभालती थीं। साथ ही पीकेएफ की तरफ से समय-समय पर होने वाले कार्यक्रमों में भी शिरकत करती थीं। उनका अंतिम संस्कार 28 जनवरी, मंगलवार को शाम पांच बजे किशनपुरा स्थित श्मशानघाट में होगा। अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान 317 न्यू जवाहर नगर सामने गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम से निकलेगी।
राजमोहिनी सोंधी माडल टाउन स्थित आर्य समाज से भी जुड़ी हुई थीं और स्त्री आर्य समाज माडल टाउन में प्रधान पद पर रहते हुए अपनी सेवाएं दी थीं। उन्होंने बताया कि मां राजमोहिनी सोंधी का पीकेएफ ग्रुप को शीर्ष पर ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
देहरादून में हुआ था राजमोहिनी सोंधी का जन्म
राजमोहिनी सोंधी का जन्म देहरादून में हुआ था। उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार से सनातक की डिग्री हासिल की थी। अपने पूरे जीवन काल में उन्होंने धार्मिक व सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। विशेषकर वह आर्य समाज मॉडल टाउन से जुड़ी हुई थीं और स्त्री आर्य समाज मॉडल टाउन में प्रधान के पद पर रहकर उन्होंने अपने सेवाएं दी थीं।
पति की मौत के बाद घर को एकजुट रखा
आलोक सोंधी ने बताया कि उनके पिता बलबीर राज सोंधी का 1993 में निधन हो गया था, जोकि उस समय पीकेएफ के मैनेजिंग डायरेक्टर थे। वह कन्या महाविद्यालय में सेक्रेटरी के पद पर आसीन थे। उन्होंने भी समाज कल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया था। पिता के निधन के बाद माता जी ने पूरे परिवार को एक माला में पिरो कर रखा। उनकी कमी हमेशा ही पूरे परिवार और समाज को खलेगी। दिवंगत राजमोहिनी सोंधी के परिवार में बेटों आलोक सोंधी, विवेक सोंधी, बेटियों ज्योति सग्गी, कीर्ति धवन और अन्य हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें