पाकिस्तानी लड़की ने प्यार के जाल में फंसा किया ब्लैकमेल, जालंधर के एएसआई के इकलौते बेटे ने कनाडा में दी जान
पिता मलकीत ने बताया कि दो साल के दौरान उन्होंने करीब 18 लाख रुपये बेटे को भेजे थे। मार्च में अमरिंदर ने उन्हें बताया कि पाकिस्तानी लड़की ने उसे अपने प्यार के जाल में फंसा लिया है। वह उससे पैसे व अन्य सामान मंगवाती है।
जालंधर, जेएनएन। यहां पीएपी में रहने वाले एएसआई मलकीत सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। उनके इकलौते बेटे अमरिंदर सिंह ने पाकिस्तानी लड़की से प्यार में धोखा मिलने पर कनाडा में जहर खाकर जान दे दी। 21 साल का अमरिंदर दो साल से कनाडा में रह रहा था। घरवालों ने बताया कि पाकिस्तानी लड़की ने अमरिंदर को प्यार के जाल में फंसाकर पहले उससे लाखों रुपये ले लिए और बाद में ब्लैकमेल करने लगी। अमरिंदर सिंह ने धमकियों से परेशान हो जहर खाकर अपनी जान दे दी। बेटे की पढ़ाई पर सारा पैसा लुटा चुके एएसआई मलकीत सिंह ने सरकार से अमरिंदर का शव वापस भारत लाने की गुहार लगाई है।
मलकीत सिंह ने बताया कि बेटा अमरिंदर करीब दो साल पहले कनाडा में स्टडी वीजा पर गया था। वहां पर सर्रे शहर में रहते हुए पढ़ाई के साथ-साथ काम भी करने लगा। जब से वह बाहर गया, उसने कभी पैसे नहीं भेजे बल्कि उनसे पैसे मंगवाता रहता था। बात करने पर वह कहता कि कनाडा में रहने और पढ़ाई करने का खर्च बहुत ज्यादा है। दो साल के दौरान उन्होंने करीब 18 लाख रुपये उसे भेजे थे। मार्च में अमरिंदर ने उन्हें बताया कि पाकिस्तान की रहने वाले एक लड़की ने उसे अपने प्यार के जाल में फंसा लिया है। वह उसे वीडियो कॉल करके पैसे व अन्य सामान मंगवाती थी।
जालंधरः कनाडा में अमरिंदर की मौत के बाद मां सर्बजीत कौर और बुआ मनप्रीत का रोकर बुरा हाल है।
अमरिंदर ने बताया था कि जितने पैसे उसने मंगवाए थे, वह सारे वह उस लड़की को दे चुका है। अब लड़की उसे ब्लैकमेल करके और पैसों की मांग कर रही है। पिता मलकीत सिंह ने बताया कि लड़की उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी। अमरिंदर का कहना था कि अब उसके पास फीस भरने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं। इसी से तंग आकर उसने आत्महत्या करने की बात कही थी। तब उन्होंने उसे समझाया और पढ़ाई पूरी करने के लिए और पैसे भेजे। मलकीत सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को उन्हें बेटे अमरिंदर सिंह के दोस्तों का फोन आया कि उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने बताया कि बेटे की मौत के बाद उन्हें पता चला है कि उस लड़की ने अमरिंदर से कुछ सामान मंगवाया था, जो वह भेज नहीं पाया था। इसी कारण वह उसे तंग कर रही थी।
सरकार से लगाई शव वापस लाने की गुहार
एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि वह पता लगा रहे हैं कि लड़की ने कौन सा सामान मंगवाया था। आखिर ऐसी क्या बात हुई जिससे परेशान होकर उनके इकलौते बेटे ने जान दे दी। उन्होंने बताया कि अमरिंदर की मां सर्बजीत कौर और बुआ मनप्रीत की रो-रोकर हालत खराब हो गई है। मलकीत ने कहा कि पीएपी के अफसर उनका पूरा साथ दे रहे हैं लेकिन शव वापिस लाने में सरकार ही मदद कर सकती है। वह दो दिन पहले ही फगवाड़ा में केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश से मिल कर आए हैं। उनसे बेटे का शव वापस लाने के लिए गुहार लगाई है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें