प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए तस्कर का पुलिस ने लिया तीन दिन रिमांड
अमृतसर के रहने वाले एक नशा तस्कर को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश कर उसका दोबारा तीन दिन का रिमांड हासिल किया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर : अमृतसर के रहने वाले एक नशा तस्कर को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश कर उसका दोबारा तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। दरअसल बीते दिनों सीआइए स्टाफ की टीम केरल के कालीकट से एक तस्कर अवतार सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। इसके बाद सीआइए स्टाफ की टीम ने आरोपित को कोर्ट में पेश कर उसका तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। इसके बाद पुलिस आरोपित से पूछताछ कर झारखंड के रास्ते पंजाब में अफीम तस्करी करने वाले सिडिकेट के खाके खंगालने में जुटी हुई है। मूल रूप से अमृतसर का रहने वाला अवतार सिंह लंबे समय से झारखंड के जमशेदपुर जिले के धीमा चौक पर रह रहा था। उसे जालंधर पुलिस ने अफीम तस्करी के एक मामले में नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी थी। बीते दिनों अवतार दुबई फरार होने की फिराक में केरल के कालीकट एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ने जा रहा था। इस दौरान केरल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद जालंधर पुलिस अवतार सिंह को बीते शनिवार को प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर आई थी।
अफीम तस्करी के सिडिकेट से जुड़े थे तार
बीती छह जनवरी को सीआइए स्टाफ की टीम ने परागपुर के पास से एक टाटा सूमो गाड़ी से महिला समेत दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 26 किलो अफीम बरामद की थी। मामले में महिला के मोबाइल से पुलिस को एक नंबर मिला था। उसकी जांच की तो इसके तार नशा तस्करी के अंतरराज्यीय सिडिकेट से जुड़े थे। पुलिस ने अवतार सिंह के खिलाफ थाना कैंट में केस दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी थी। अवतार सिंह से पूछताछ के दौरान झारखंड और पंजाब के कई नशा तस्करों के नाम सामने आ सकते हैं।