विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab Crime: नौ वर्षों से भगोड़ा चल रहे NRI दूल्हे ने रचाई तीसरी शादी, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

By Jagran NewsEdited By: Vinay kumar
Published: Wed, 02 Nov 2022 10:14 PM (IST)Updated: Wed, 02 Nov 2022 10:50 PM (IST)

फिल्लौर में 9 वर्षों से भगोड़ा चल रहे एनआरआइ दूल्हे ने बिना तलाक दिए तीसरी शादी कर ली। पहली व ...और पढ़ें

नौ वर्षों से भगोड़ा चल रहे NRI दूल्हे ने बिना तालाक दिए तीसरी शादी रचा ली।
नौ वर्षों से भगोड़ा चल रहे NRI दूल्हे ने बिना तालाक दिए तीसरी शादी रचा ली।

संवाद सूत्र, फिल्लौर। एनआरआइ दूल्हों द्वारा भोले-भाले परिवारों की बेटियों के साथ शादी के नाम पर ठगने की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं। ऐसा ही एक मामला फिल्लौर में सामने आया है। इसमें नौ वर्षों से भगोड़ा चल रहे एनआरआइ दूल्हे ने बिना तलाक दिए तीसरी शादी कर ली। पहली व दूसरी पत्नी के स्वजनों ने मिलकर प्रेस कान्फ्रेंस कर एनआरआइ दूल्हे पर दो जिंदगियां बर्बाद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस पर भी कार्रवाई न करने के आरोप लगाए।

हरनिंदर कौर निवासी खानपुर तहसील फिल्लौर का विवाह वर्ष 2006 में सतविंदर सिंह बल निवासी गांव बताला पट्टी बाबा पल्ला जी, थाना ब्यास से हुआ। शादी के बाद एक बेटे लक्षदीप सिंह का जन्म 29 सितंबर, 2007 में हुआ। शादी के कुछ समय बाद ही सतविंदर सिंह और उनके माता-पिता जोगिंदर कौर व सरबजीत सिंह हरनिंदर कौर को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे।

इस पर हरनिंदर कौर ने फिल्लौर पुलिस शिकायत दी, जिसके बाद सतविंदर सिंह व माता-पिता पर मामला दर्ज किया गया। इस बीच सतविंदर सिंह विदेश भाग गया और 2013 में कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया। विदेश में ही सतविंदर सिंह की मुलाकात रामधरन की पुत्री सरबजीत कुमारी निवासी रामगढ़, तहसील फिल्लौर से हुई।

सतविंदर सिंह सरबजीत कुमारी को कुंवारा बताकर प्रेमजाल में फंसा लिया। विदेश में सतविंदर सिंह ने भारत में रहने वाले अपने माता-पिता की मदद से अविवाहित होने का प्रमाण पत्र बना लिया और फिर सरबजीत से शादी कर ली। कुछ समय बाद सरबजीत और सतविंदर सिंह भारत आए। यहां सरबजीत को घर में सतविंदर सिंह बल की पहली शादी की तस्वीरें मिली। सरबजीत ने अपने पति और ससुराल वालों से उक्त विवाह का सच पूछा, तब सुसराल वालो ने कहा कि उसका तलाक हो गया है।

सरबजीत कौर ने तलाक के कागज मांगे तो परिवार की परेशानी बढ़ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार ने पहली शादी की फोटो फाड़ डाली और सरबजीत कुमारी को भी पीटना शुरू कर दिया और घर से निकाल दिया। इसके बाद सतविंदर ने तीसरी लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर शादी कर ली। सरबजीत कुमारी के माता-पिता का कहना है कि 30 सितंबर 2022 को सतविंदर ने तीसरी शादी की है।

पीड़ित परिवारों का आरोप है कि वे थाना ब्यास गए और तीसरी शादी रोकने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित परिवारों ने एसएसपी देहाती से मांग की है कि बिना तलाक दिए और भगोड़ा चल रहे सतविंदर सिंह बल को गिरफ्तार किया जाए। इस मामले में जब एसएचओ फिल्लौर सुरिंदर कुमार से बात की तो उन्होंने कहा कि केस उनकी जानकारी में है। जैसे सतविंदर सिंह के बारे में जानकारी मिलेगी, उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।