डंप के लिए जगह नहीं, पार्षदों में बढ़ रहा टकराव
विकास पर तो ध्यान तब दिया जाएगा अगर पार्षद कूड़े की समस्या से बाहर निकलेंगे।
जागरण संवाददाता, जालंधर : विकास पर तो ध्यान तब दिया जाएगा अगर पार्षद कूड़े की समस्या से बाहर निकलेंगे। शहर में इन दिनों कूड़े पर सियासत चर्म पर है। हर वार्ड में कूड़े की समस्या काफी बढ़ चुकी है। पुराने शहर व बस्तियों में समस्या ज्यादा है क्योंकि इन इलाकों में कूड़े के डंप के लिए जगह ही नहीं है। जो डंप हैं वहां कई वार्डों का कूड़ा आता है। इसे लेकर पार्षदों में भी टकराव होता रहा है। निगम की हाउस मीटिगों में भी हर बार कूड़ा ही मुद्दा बनता रहा है। निगम ने अब तक जो प्लानिग की है वह प्लानिग में कमी के कारण फेल साबित हुई है। जमेशर में जिदल कंपनी का वेस्ट टू एनर्जी प्लांट क्या रोका इसके बाद गाड़ी पटरी पर ही नहीं आई। पिट्स प्रोजेक्ट पर भी कई जगह विरोध हो चुका है। हर हलके में छोटे प्लांट लगाने का काम रुका हुआ है। कोई भी पार्षद अपने इलाके में प्लांट, पिट्स, डंप नहीं बनने देना चाहता। इन डंपों को लेकर है विवाद
मॉडल टाउन : श्मशानघाट के बाहर बने डंप को खत्म करवाने के लिए सीनियर पार्षद बलराज ठाकुर ने धरना दिया था। विधायक परगट सिंह, निगम कमिश्नर भी धरने में आए लेकिन अभी तक इसका कोई हल नहीं निकल पाया है। यहां कई वार्डों का कूड़ा आता है। गुरुनानक पुरा : यहां लगने वाले डंप पर भी खूब टकराव हुआ। सड़क पर फेंके जाने वाले कूड़े को विरोध के बाद रेलवे की जमीन पर फेंका जाने लगा। रेलवे ने विरोध किया तो अब कोई और जगह ना मिलने पर यह कूड़ा लाडोवाली रोड पर फेंका जा रहा है। बावा खेल नहर : बस्ती बावा खेल नहर के किनारे कूड़े का डंप बना दिया था। एक माह पहले कांग्रेस नेता ने डंप साफ करवाकर टेंट लगाकर धरना दे दिया और कूड़ा फेंकने से रोक दिया। फिलहाल कूड़ा फेंकने के लिए नई जगह की तलाश है। ज्योति नगर : अर्बन एस्टेट रोड पर ज्योति नगर में बिना मंजूरी खाली जमीन पर कूड़ा फेंका जा रहा है। 10 दिन पहले पार्षद रोहन सहगल ने धरने की चेतावनी दी थी। एक बार कूड़ा उठा लिया है लेकिन पार्षद रोहन सहगल का अल्टीमेटम जारी है। प्रताप बाग : यहां निगम का पक्का डंप है। कई वार्डों का कूड़ा आने से कूड़ा सड़क पर आ रहा था। विधायक बावा हैनरी ने यहां सेंट्रल हलके का कूड़ा आने से रोक दिया है। इसे लकर तनाव बना था लेकिन अब माहौल ठीक है और डंप की व्यवस्था भी ठीक है। मॉडल हाउस रोड : यहां पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर ही बिना मंजूरी डंप बनाया गया था। पूर्व पार्षद अमनजीत कौर मेजर ने इसे खत्म करवाया था लेकिन लॉकडाउन में दोबारा शुरू हो गया है। पार्षद राजीव टिक्का भी इससे नाराज हैं। बस्ती शेख : दशहरा ग्राउंड के पास बने डंप पर डिप्टी मेयर ने दूसरे वार्डो का कूड़ा आने से रोक दिया था। इससे आसपास के वार्डो के पार्षदों ने धरना दिया था। लॉकडाउन के कारण यह मुद्दा दब गया था लेकिन फिर भड़क सकता है। कोई भी नहीं चाहता कि उसके इलाके में डंप हो। इसलिए डंपों को लेकर विवाद है। डंपों को कम करने और नई जगह तलाशने का काम जारी है। वरियाणा डंप पर बायो माइनिग प्रोजेक्ट भी जल्द शुरू होगा जिससे वेस्ट मैनजमेंट के लिए जमीन मिल जाएगी।
करनेश शर्मा, निगम कमिश्नर