लाल किले पर केसरिया झंडा फहराने के मामले में बड़ी कार्रवाई, जालंधर में NIA व दिल्ली पुलिस की रेड
गणतंत्र दिवस पर लाल किले के अंदर और उसके आसापास देश को शर्मसार करने वाली हिंसा के तार जालंधर से जुड़े मिले हैं। नेशनल इंवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए) और दिल्ली पुलिस ने लाल किले पर धार्मिक झंडा फहराने वाले एक युवक तलाश में जालंधर में छापामारी की है।
जालंधर, जेएनएन। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में लाल किले पर केसरिया झंडा फहराने के मामले में वांछित तरनतारन के जुगराज सिंह के दोस्त की तलाश में एनआईए और दिल्ली पुलिस ने जालंधर में छापामारी की है। बताया जा रहा है कि बस्ती बावा खेल में 22 वर्षीय जुगराज का चाचा कंवरप्रीत सिंह रहता है। यहीं पर जुगराज के साथ जोत सिंह के आने की आशंका थी। रेड के दौरान उनके घर पर ताला लगा मिला है। दिल्ली पुलिस को आशंका है कि जुगराज उन्हीं के साथ में भागा हो सकता है।
बस्ती पीरदाद में डाली रेड
शुक्रवार सुबह दिल्ली पुलिस और एनआईए की संयुक्त टीम ने जालंधर के बस्ती बावा खेल में छापेमारी की। जुगराज के साथी की तलाश में दिल्ली पुलिस ने जालंधर पुलिस से संपर्क किया और इसके बाद छापामारी की। हालांकि इस दौरान सभी फरार निकले। घर पर ताला लगा मिला।
यह भी पढ़ें - बठिंडा में पंचायत का प्रस्ताव, हर घर से एक व्यक्ति जाएगा दिल्ली, न जाने पर जुर्माना
जुगराज के चाचा के घर पर ताला
एसीपी बेस्ट पलविंदर सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने सुबह छापेमारी की थी। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने बस्ती बावा खेल में एक घर में छापेमारी की लेकिन वहां पर ताला लगा था और घर के सदस्य फरार थे। इस दौरान उनकी टीम भी साथ थी। बता दें कि गणतंत्र दिवस पर किसानों की ओर से दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकाली गई थी। इसी बीच भीड़ लालकिले में घुस गई थी। उन्होंने वहां तोड़फोड़ करने के साथ-साथ धार्मिक झंडा भी फहराया था। इसी मामले को लेकर दिल्ली पुलिस को जुगराज सिंह व अन्य की तलाश है।