विधायक बावा हैनरी की नाराजगी के बाद नींवपत्थर पर लिखे विधायकों के नाम
स्मार्ट सिटी कंपनी के तीन और नगर निगम के फंड से सड़कों के निर्माण कार्यों के नींवपत्थर शनिवार को रखे जाने हैं। नींवपत्थर जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा रखेंगे।
जालंधर, जेएनएन। विधायक बावा हैनरी की नाराजगी के बाद नगर निगम और स्मार्ट सिटी कंपनी ने 25 जनवरी को नींवपत्थर रखने के सभी प्रोजेक्ट्स के नींव पत्थरों पर पर मंत्री, विधायकों और मेयर का नाम लिखवा दिया है। इससे पहले बिना नाम के नींव पत्थर तैयार करवाए गए थे। वीरवार को विधायक बावा हैनरी ने कड़ा ऐतराज जताया था।
इस बारे में दैनिक जागरण में खबर होने के बाद शुक्रवार को आनन-फानन में नए नींवपत्थर तैयार करवा दिए गए। स्मार्ट सिटी कंपनी के तीन और नगर निगम के फंड से सड़कों के निर्माण कार्यों के नींवपत्थर शनिवार को रखे जाने हैं। यह काम 100 करोड़ रुपये के हैं। इनमें स्मार्ट रोड (36.16 करोड़), 120 फुट रोड पर स्टॉर्म सीवरेज (20.37 करोड़), ग्रीन एरिया (12.74 करोड़) और नगर निगम की सड़कों (30.62 करोड़) के काम शामिल हैं। इन कामों का नींवपत्थर जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा रखेंगे। शहर के चारों हलकों में एक-एक नींव पत्थर रखा जाना है।