Move to Jagran APP

सांसद संतोख चौधरी ने माना शहर का बुरा हाल, मेयर राजा नहीं कर पा रहे कोई कमाल

शहर की दुर्दशा पर सवालों की बौझार के आगे जालंधर के सांसद चौधरी संतोख सिंह ने माना कि उनकी ही पार्टी के मेयर जगदीश राजा कुछ खास नहीं कर पाए हैं।

By Pankaj DwivediEdited By: Published: Sat, 10 Nov 2018 10:35 AM (IST)Updated: Sun, 11 Nov 2018 11:46 AM (IST)
सांसद संतोख चौधरी ने माना शहर का बुरा हाल, मेयर राजा नहीं कर पा रहे कोई कमाल
सांसद संतोख चौधरी ने माना शहर का बुरा हाल, मेयर राजा नहीं कर पा रहे कोई कमाल

मनोज त्रिपाठी, जालंधर। सांसद चौधरी संतोख सिंह ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा का चुनाव तो कांग्रेस की तरफ से वे ही लड़ेंगे। परिवार से किसी और को टिकट देने के बारे में उन्होंने हंसते हुए बात टाली और कहा कि बेटा बिक्रम तो फिल्लौर संभाल रहा है। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि फिलहाल पार्टी में उन्हें रिप्लेस करने वाला कोई दूसरा चेहरा नहीं है। शहर की दुर्दशा पर चौधरी ने पहले तो अकाली-भाजपा सरकार के पाले में गेंद डालने की कोशिश की, लेकिन सवालों में उलझने के बाद स्वीकार किया कि मेयर जगदीश राजा कोई कमाल नहीं दिखा पा रहे हैं। पेश हैं सांसद चौधरी संतोख सिंह से विशेष बातचीत के अंशः-

loksabha election banner


सवाल: आप शहर की नुमाइंदगी कर रहे हैं तो टूटी सड़कों को लेकर आपने अभी तक क्या किया ?
जवाब: सभी विधायकों से उनके हलकों के विकास कार्य संबंधी प्रस्ताव मांगे हैं। प्रस्ताव आने के बाद उन्हें धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी विकास कार्यों को करवाने के लिए।

सवाल: आपको क्या लगता है जो हालात जालंधर के हैं, उनके दम पर कांग्रेस चुनाव जीतने वाली है। भले ही उम्मीदवार आप क्यों न हो। 
जवाब: ऐसा नहीं है। यह तो बीते दस सालों का दंश है जो जालंधर झेल रहा है। कांग्रेस को सत्ता में आए कुछ महीने ही हुए हैं। विकास के लिए थोड़ा समय तो चाहिए ही। हम कोशिश कर रहे हैं। 

सवाल: कांग्रेस को सत्ता में आए 20 महीने से ज्यादा समय हो चुका है। विकास के लिए कितना समय चाहिए। बीस माह का समय कम नहीं होता है?
जवाब: हां, सही है सत्ता में आए 20 माह हो चुके हैं। विकास कार्यों के टेंडर लगे हैं। रहा सवाल सड़कों का तो उसे भी सही करवाया जाएगा। मैं किसी का बचाव नहीं कर रहा हूं। इतना जरूर है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार मुक्त शासन दे रही है। इसे सभी लोग जानते हैं।

सवाल: पिछले लोकसभा चुनाव में सुखबीर बादल ने जालंधरवासियों से टूटी सड़कों को लेकर माफी मांगी थी और उसके बाद रातों-रात सड़कों की रिकारपेटिंग की गई थी। उसके बाद भी अकाली दल चुनाव हार गया था। आपको लोगों ने चुनाव जिताया था। क्या इस बार आप वही इतिहास दोहराना चाहते हैं कि कांग्रेस या आप लोगों से माफी मांगे?
जवाब: हंसकर..ऐसा नहीं है। माफी मांगने की नौबत नहीं आने वाली है। हम उससे पहले ही सब सही करवा देंगे। 

सवाल: पूरा शहर कूड़े के ढेर में तब्दील हो चुका है। बतौर सांसद आपने इस समस्या को हल करवाने के लिए क्या किया?
जवाब: विधायकों व मेयर को कहा है, जहां जरूरत हो उन्हें बताएं वह सरकार व मुख्यमंत्री के पास जा चुके हैं। समस्या उनके सामने रखी जा चुकी है। आगे भी इस समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे। इसे भी जल्द ही हल करवा लेंगे।

सवाल: कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अभी तक हुई शहर की दुर्दशा के लिए कौन जिम्मेदार है। निगम व सरकार ने शहर के लिए क्या किया?
जवाब: दुर्दशा के लिए पुराने मेयर व पिछली सरकार जिम्मेवार है। दस साल काम ही नहीं हुए। हमारी सरकार के कार्यकाल में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सारे प्रस्तावों पर काम हो रहे हैं। रेलवे स्टेशन का सुंदरीकरण के साथ लोगों की सुविधा के लिए स्वचलित सीढिय़ां लगाई जा रही हैं। 

सवाल: कोई एक प्रोजेक्ट तो बताएं चौधरी साहब जिस पर आपकी सरकार के कार्यकाल में काम शुरू हुआ हो ?
जवाब: मैंने शहर के तमाम मुद्दे लोकसभा में उठाए हैं। सारी सांसद निधि खर्च कर दी है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर के हालात को लेकर मैं कितना गंभीर हूं। 

सवाल: क्या आपको लगता है कि मेयर जगदीश राजा फेल हो चुके हैं?
जवाब: नहीं ऐसा नहीं है, निगम के पास फंड नहीं है। सरकार की वन टाइम सेटेलमेंट पालिसी से कुछ धनराशि आने की उम्मीद है। मैं अपने फंड से भी कुछ धनराशि देने की कोशिश कर रहा हूं। तीन महीने में हम शहर की बुरी हालत को सुधार लेंगे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.