अंतिम दिन 130 स्टाल लगे, उद्योगपतियों का हुजूम उमड़ा
मैकीनैक्स 2020 प्रदर्शनी के तीसरे व अंतिम दिन का शुभारंभ सांसद चौधरी संतोख सिंह ने किया।
जागरण संवाददाता, जालंधर : मशीन टूल, हैंड टूल, ऑटोमेशन एवं इंजीनियरिग टेक्नोलॉजी पर आधारित तीन दिवसीय मैकीनैक्स 2020 प्रदर्शनी के तीसरे एवं अंतिम दिन जालंधर एवं पंजाब के विभिन्न शहरों से संबंधित उद्योगपतियों का हुजूम उमड़ा।
दाना मंडी में शुक्रवार को इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक राजिंदर बेरी एवं विधायक बावा हैनरी ने किया था। दूसरे दिन का शुभारंभ विधायक राणा गुरजीत सिंह एवं विधायक सुशील कुमार रिकू ने और तीसरे व अंतिम दिन का शुभारंभ सांसद चौधरी संतोख सिंह ने किया।
औद्योगिक इकाइयों ने इस प्रदर्शनी में लगभग 130 स्टाल प्रदर्शित किए। प्रदर्शनी संचालक करमजीत सिंह ने बताया कि इस प्रदर्शनी में इंडस्ट्री संबंधित उत्पाद एवं तकनीक प्रदर्शित किए गए थे, जिनसे उद्योगपति फायदा ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि जालंधर में इंडस्ट्री के लिए आयोजित की जाने वाली उक्त प्रदर्शनी अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब रही है।
फोकल प्वाइंट एक्सटेंशन एसोसिएशन के अध्यक्ष नरिंदर सिंह सग्गू ने कहा कि प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न कंपनियों की ओर से ऐसे उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए, जो तकनीक के क्षेत्र में एक नई खोज थे और पंजाब में भी अपनी तरह के पहले थे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी को तकनीक और व्यापार के क्षेत्र में एक नई संभावना के तौर पर भी देखा जा सकता है।
इस मौके पर सांसद चौधरी संतोख सिंह के अलावा मेयर जगदीश राजा, पनसप के चेयरमैन तेजिदर सिंह बिट्टू, पूर्व सीपीएस केडी भंडारी, पूर्व मेयर राकेश राठौर, डिप्टी मेयर हरसिमरनजीत सिंह बंटी, राणा रंधावा, फोकल प्वाइंट एक्सटेंशन एसोसिएशन के अध्यक्ष नरिंदर सिंह सग्गू, उद्योग नगर मैन्यूफैक्चरिग एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजिदर सिंह भसीन समेत अन्य उद्योगपति उपस्थित थे।