शिल्पा खुदकुशी मामले में आरोपित सास ने किया सरेंडर
ससुराल वालों के तानों से तंग आकर विवाहिता द्वारा खुदकुशी करने के मामले में आरोपित सास हीरा देवी ने भी पुलिस के पास सरेंडर कर दिया है।
जासं, जालंधर : ससुराल वालों के तानों से तंग आकर विवाहिता द्वारा खुदकुशी करने के मामले में आरोपित सास हीरा देवी ने भी पुलिस के पास सरेंडर कर दिया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने दो दिन का रिमांड ले लिया है। इससे पहले मृतका के ससुर गिरधारी सिंह व पति सोनू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आदर्श नगर की रहने वाली शिल्पा की शादी दकोहा के रहने वाले सोनू से हुई थी। शिल्पा ने दस अक्टूबर को जहरीली वस्तु निगलकर खुदकुशी कर ली थी। इससे पहले उसने सहेली को वाट्सएप पर सुसाइड नोट भेजकर आरोप लगाया था कि उसके ससुराल वाले उसे बहुत परेशान करते हैं और उसकी कोई इज्जत नहीं करते। इसी साल वो राखी पर मायके आई थी, जिसके बाद उसने खुदकुशी की। थाना बस्ती बावा खेल पुलिस ने पहले पति व ससुर के खिलाफ खुदकुशी को मजबूर करने का केस दर्ज किया था। फिर सुसाइड नोट में सास पर भी आरोप होने के बाद उसे भी पुलिस ने नामजद कर लिया था।