सियासी ड्रामाः कैप्टन के एलान के 1 घंटे बाद चंदन ग्रेवाल पलटे, बोले- मैं कांग्रेस में शामिल नहीं हुआ
वर्ष 2017 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में चंदन ग्रेवाल आम आदमी पार्टी की टिकट पर करतारपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे थे। यहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
जागरण संवाददाता, जालंधर। शहर में शनिवार को बड़ा सियासी ड्रामा देखने को मिला। पहले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी में पूर्व आप नेता चंदन ग्रेवाल के कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की गई। इसके एक घंटे बाद ही चंदन ग्रेवाल ने कहा कि मैं तो कांग्रेस में शामिल ही नहीं हुआ। चंदन ग्रेवाल ने कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिले हैं और उनके सामने कांग्रेस में वाल्मीकि समाज के नेताओं की अनदेखी का मामला उठाया है। चंदन ग्रेवाल ने कहा कि वह अभी कांग्रेस में शामिल नहीं हुए हैं और अपने साथियों से इस बारे में विचार-विमर्श करके ही फैसला लेंगे।
बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जालंधर में चंदन ग्रेवाल को पार्टी में शामिल किए जाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री अमृतसर में जलियांवाला बाग हत्याकांड के 100 साल पूरे होने पर हुए कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जालंधर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि चंदन ग्रेवाल के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़, जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा विधायक राजेंद्र बेरी भी मौके पर मौजूद रहे।
आप की टिकट पर करतारपुर से चुनाव लड़े थे चंदन ग्रेवाल
वर्ष 2017 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में चंदन ग्रेवाल आम आदमी पार्टी की टिकट पर करतारपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे थे। हालांकि यहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने आदमी पार्टी का दाम छोड़ दिया था।