थाईलैैंड में पूल पार्टी: विधायक परगट सिंह की 'शरारत' से मेयर राजा हुए लाल-पीले
पूल पार्टी में विधायक परगट सिंह अपने दो साथियों के पास जाकर उनके कान में कुछ कहते हैं। फिर ये लोग मेयर को पानी में डुबकियां लगवाते हैं। इससे वह नाराज हो जाते हैं।
जालंधर [जगजीत सिंह सुशांत]। थाईलैंड में पिछले दिनों एक समारोह में शामिल होने गए मेयर जगदीश राजा और विधायक परगट सिंह के बीच पूल पार्टी में हंसी-मजाक देखते ही देखते तल्खी में तब्दील हो गया। अब पार्टी की वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। लोगों के बीच इनकी खूब चर्चा हो रही है। अपने - अपने हिसाब से उसकी कहानी बताई जा रही है।
वीडियो में दिख रहा है कि पूल पार्टी में विधायक परगट सिंह अपने दो साथियों के पास जाकर उनके कान में कुछ कहते हैं। इन दो साथियों में एक तो सुरजीत हॉकी से जुड़े पदाधिकारी सुरजीत भापा हैं और एक कोई अन्य। फिर ये लोग मेयर को एक तरफ पैरों से तो दूसरी तरफ से हाथों से पकड़कर पानी में डुबकियां लगवाते हैं। ऐसा लगता है कि मेयर डूबने लगते हैं। अचानक हुई शरारत से मेयर हक्के-बक्के रह गए और गुस्सा करने लगे। तब मुख्यमंत्री के ओएसडी सोनू ढेसी ने बीचबचाव किया। वह मेयर को लेकर एक साइड पर गए।
बताते हैं कि पूल में मेयर ने परगट सिंह से नाराजगी भी जताई। इसके बाद परगट सिंह ने मेयर के पास जाकर नाराजगी दूर करने की कोशिश की। मेयर ने पार्टी के बाद मुख्यमंत्री के ओएसडी के कमरे में जाकर मदद के लिए धन्यवाद भी किया। मेयर जगदीश राज खुद भी इस पूल पार्टी की चर्चा करते हैं और उन्हें पानी में जबरन धकेलने की बात कहते हैं। पर साथ ही कहते हैं कि पूल पार्टी में सभी को धकेला गया। उन्हें भी। इस पूल पार्टी में शहर से कई लीडर, बिजनेसमैन, अफसर शामिल हुए थे।
परगट और मेयर बोले- अब नाराजगी की कोई बात नहीं
इस संबंध में विधायक परगट सिंह का कहना है कि वह सिर्फ मजाक कर रहे थे। उन्होंने कहा, 'हम सभी इकट्ठे हैं, इसमें नाराजगी वाली कोई बात नहीं है। वहीं अब इस बारे में मेयर जगदीश राज राजा का भी कहना है कि वह थोड़े से घबरा गए थे लेकिन सभी अपने ही हैं। किसी से कोई नाराजगी वाली बात नहीं है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें