मकसूदां बम ब्लास्ट के मास्टरमाइंड रौफ और रमजान जम्मू-कश्मीर में एनकाउंटर में ढेर
मकसूदां पुलिस थाने में ग्रेनेड अटैक के मास्टरमाइंड आतंकी रौफ मीर और उमर रमजान को जेएंडके पुलिस ने आरमपोरा में हुए एनकाउंटर में मार गिराया।
जेएनएन, जालंधर। मकसूदां पुलिस थाने में ग्रेनेड अटैक के मास्टरमाइंड आतंकी रौफ मीर और उमर रमजान को जेएंडके पुलिस ने आरमपोरा में हुए एनकाउंटर में मार गिराया। दोनों मकसूदां ब्लास्ट में यहां पुलिस के वांटेड थे। इस बारे में जेएंडके पुलिस ने सिटी पुलिस कमिश्नर को फोन पर इसकी पुष्टि की है। अब पुलिस को लिखित में इसकी सूचना का इंतजार है, ताकि उसके बाद मकसूदां बम ब्लास्ट केस में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
ज्ञात हो कि मकसूदां पुलिस थाने में 14 सितंबर को हैंड ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने जैश ए मुहम्मद से संबंधित कश्मीर के आतंकी संगठन अंसार गजावत उल ङ्क्षहद से जुड़े दो बी-टेक के छात्रों को गिरफ्तार किया था।
ब्लास्ट करने के बाद कश्मीर भाग गए थे दोनों
14 सितंबर को मकसूदां थाने में ब्लास्ट के मामले में पुलिस ने पांच नवंबर को जालंधर के सेंट सोल्जर कॉलेज में सिविल इंजीनियरिंग कर रहे दो छात्रों 22 वर्षीय शाहिद कयूम और 23 वर्षीय फाजिल बशीर को गिरफ्तार किया था। उनके दो साथी रौफ मीर और उमर रमजान फरार हो गए थे।
जांच में सामने आया था कि शाहिद और फाजिल करीब दो साल से जालंधर में पढ़ रहे हैं। मकसूदां में ही दोनों एक पीजी में रहते थे। दोनों आतंकी संगठन अंसर गजावत उल हिंद के सरगना जाकिर रशीद भट्ट उर्फ जाकिर मूसा के साथी हैं। मूसा और उसके राइट हैंड आमिर ने ही दोनों को कश्मीर में आतंकी ट्रेनिंग दी थी। वहीं रौफ और रमजान कश्मीर में रहते हैं।
वारदात से एक दिन पहले 13 सितंबर को रौफ और रमजान कश्मीर से हवाई जहाज के जरिए चंडीगढ़ मोहाली में पहुंचे। वहां से बस से जालंधर में आए और मकसूदां चौक पर दोनों कयूम और बशीर से मिले। चारों ने मकसूदां के पीजी में एक साथ रात गुजारी। वारदात वाले दिन 14 सितंबर को उन्होंने साढ़े चार से साढ़े पांच बजे तक रेकी की।
इसके बाद 7.40 मिनट पर चारों ने चार हैंड ग्रेनेड थाने में फेंके और पटेल चौक के रास्ते सीधा बस स्टैंड पहुंचे। वहां से दो जम्मू कश्मीर के लिए रवाना हो गए। तीन नवंबर को अवंतीपुरा कश्मीर से फाजिल को और 4 नवंबर को पठानकोट चौक के पास से शाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया था।
अंसार गजावत उल हिंद के ट्रेंड आतंकी थे दोनों
जालंधर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर का कहना है कि मकसूदां थाने में हुए ब्लास्ट को चार आरोपितों ने अंजाम दिया था। जिसमें शाहिद व फाजिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था जबकि एनकाउंटर में मारे गए रौफ मीर और उमर रमजान फरार चल रहे थे। यह दोनों अंसार गजावत उल हिंद के ट्रेंड आतंकी थे। जो मकसूदां थाने में ब्लास्ट के लिए 13 सितंबर को श्रीनगर से चंडीगढ़ पहुंचे थे। उमर रमजान कई आतंकी वारदातों में संलिप्त था जबकि रौफ जम्मू कश्मीर में कई आतंकी वारदातों की प्लानिंग व उन्हें अंजाम देने में शामिल था।