मार्कफेड के एमडी वरुण रुजम ने किया दाना मंडी का दौरा
दाना मंडी करतारपुर में मार्कफेड के एमडी वरुण रूजम ने धान की सरकारी खरीद का निरीक्षण किया।
संस, करतारपुर : दाना मंडी करतारपुर में मार्कफेड के एमडी वरुण रूजम ने धान की सरकारी खरीद का निरीक्षण किया। मंडी में अभी तक 96475 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। इस दौरान एमडी वरुण रूजम ने किसानों से बातचीत की तथा उन्हें आ रही समस्या के प्रति जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि मंडी से फसल का एक-एक दाना उठाया जाएगा और किसी को कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान मंडी सुपरवाइजर अमरीक सिंह तथा बोली इंचार्ज लव रैना मौजूद रहे।
जिले की मंडियों में धान की खरीद का काम जारी
जागरण संवाददाता, जालंधर : जिले की मंडियों में धान की खरीद का काम जारी है। किसानों की सुविधा के लिए पहली बार बनाए गए 149 खरीद केंद्रों पर वीरवार को देर शाम तक किसान धान की ट्रालियां लेकर पहुंचे। मार्केट कमेटी के चेयरमैन राज कुमार अरोड़ा ने इस बार छुट्टी वाले दिन भी खरीद का काम जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों में फसल की खरीद के लिए जिले में 78 खरीद केंद्र बनाए जाते रहे हैं। इस बार 71 शैलरों को भी धान की खरीद के लिए केंद्र बना दिया गया है। इससे किसानों को अपने नजदीकी केंद्र पर फसल की बिक्री करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
कृषि सुधार कानून किसान विरोधी : रामपुर
संवाद सूत्र, शाहकोट : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता तेजिदर सिंह रामपुर पूर्व ब्लाक समिति सदस्य ने कहा कि कृषि सुधार कानून किसान विरोधी है। यही कारण है कि किसान सड़कों पर उतरकर धरने दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद भगवंत मान की ओर से 'ग्राम सभा बुलाओ, किसान तथा पंजाब बचाओ ' मुहिम चलाई गई है। इसमें उन्होंने पार्टीबाजी से ऊपर उठकर किसानों के लिए गांव-गांव ग्राम सभा बनाने के लिए कहा है ताकि एक कानूनी दस्तावेज तैयार करके सुप्रीम कोर्ट जाकर इस कानून को रद कराया जा सके।