शराब पीने से रोके तो चाकू मारकर कर दी हत्या, बचाने आए परिवार पर भी हमला Jalandhar News
शराब पीने से रोकने पर 28 वर्षीय व्यक्ति की दो लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला सीतापुर के गांव सईपुर निवासी महेश पुत्र नंद राम के रूप में हुई है।
जेएनएन, जालंधर। शराब पीने से रोकने पर 28 वर्षीय व्यक्ति की दो लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला सीतापुर के गांव सईपुर निवासी महेश पुत्र नंद राम के रूप में हुई है, जो पिछले एक साल से राजा गार्डन में प्रवासी मजदूरों के लिए बने क्वार्टर के एक कमरे में किराये पर रहा था।
रविवार शाम को महेश काम से वापस आने के बाद कमरे में था। इस दौरान उसके कमरे के साथ स्थित दूसरे कमरे के बाहर दो व्यक्ति शराब पीते हुए शोर मचा रहे थे। महेश ने उन दोनों को वहां शराब पीने से मना किया तो वह गाली-गलौच करने लगे। विवाद इतना बढ़ गया कि उनमें से एक ने चाकू उठाकर महेश की छाती में मार दिया। इस दौरान बीच बचाव करने आई महेश की पत्नी मोहिनी और उसके साले श्रीदत्त को भी सिर में चोट आई। महेश की छाती में से तेजी से खून बहता देख हमलावर वहां से भाग निकले। जबकि किसी तरह मोहिनी और श्रीदत्त ऑटो करवा महेश को सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने महेश को मृत घोषित कर दिया। थाना आठ के एसएचओ इंस्पेक्टर रुपिंदर सिंह ने कहा कि मामले में मृतक की पत्नी के बयान दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाएगा।
तड़पते व्यक्ति की किसी ने नहीं की मदद, दो घंटे देरी से पहुंचा अस्पताल
सिविल अस्पताल में पति को मौत पर शोक कर रही मोहिनी ने बताया कि उनकी शादी को 12 साल हो गए हैं। पांच और सात साल के उसके दो बेटे हैं। वह एक साल पहले ही जालंधर आई थी। यहां आकर उसका पति गदईपुर स्थित लोहे का सामान बनाने वाली प्रिंकल फैक्ट्री में लेबर का काम करता था। रविवार को फैक्ट्री में छुट्टी थी। वह शाम को किसी काम से घर से बाहर गया था और साढ़े सात बजे करीब घर लौटा था। इस दौरान उसकी क्र्वाटर मे फोरमैन के नाम से मशहूर और सूरज से शराब पीने से रोकने को बहस हो गई। मोहिनी ने बताया कि साढ़े सात बजे के करीब हुई घटना के बाद पहले तो उन्हें पता ही नहीं चला कि वह क्या करें। इसके बाद वहां पर रहते अन्य लोगों में से कोई भी मदद के लिए नहीं आया। नौ बजे के करीब एक ऑटो चालक माना, जिस के बाद ऑटो में बिठाकर वह अपने पति को सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।