छप्पड़ की सफाई करा रहे व्यक्ति को पूर्व पटवारी ने बेटे संग मिलकर पीटा, केस दर्ज
पीड़ित हरदेव सिंह ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी से संबंधित हैं और यह आरोपित विरोधी पार्टी से जुड़े हुए हैं। इसी वजह से वो गांव में विकास कार्य नहीं होने देना चाहते।
जालंधर, जेएनएन। लोहियां में गांव के विकास कार्यों के विवाद को लेकर पूर्व पटवारी ने बेटे के साथ मिलकर एक व्यक्ति से मारपीट कर डाली। उस वक्त वह छप्पड़ की सफाई करवा रहा था। पुलिस ने जख्मी व्यक्ति के बयान पर थाना लोहियां में बाप-बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वाड़ा जोध सिंह के रहने वाले हरदेव सिंह ने लोहियां पुलिस को बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है और गांव की पंचायत ने उसे गांव के सांझे कामों की देखरेख के लिए नियुक्त किया है। उनके गांव में छप्पड़ की सफाई का काम चल रहा था। बीते दिन करीब साढ़े पांच बजे जब वह छप्पड़ की सफाई का काम देखने पहुंचा तो मनजीत सिंह पटवारी ने उससे बहस करनी शुरू कर दी। उसने कहा कि तू कौन है, जो सफाई करवा रहा है। उसने बताया कि गांव की पंचायत ने इसके लिए उसकी ड्यूटी लगाई है तो इस पर वह भड़क उठा। दोनों के बीच बहस हुई तो मनजीत सिंह ने अपने बेटे गुरशरण सिंह को भी वहां बुला लिया। जैसे ही उसने बेटे को आते देखा तो मनजीत ने शिकायतकर्ता के ऊपर ईंट-रोड़े मारने शुरू कर दिए। उसके बेटे गुरशरण ने भी गात्रे वाली कृपाण निकाली और उस पर हमला कर दिया। पहले उसके माथे पर वार कर दिया। उसका पिता ईंटे मारता रहा और गुरशरण ने कृपाण के बाद हाथ में पहने कड़े से भी उस पर हमले किए। बाप-बेटे के हमले से वह जख्मी हो गया और जान का खतरा देखते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
शोर सुनकर गांव के सरपंच गुरजीत सिंह मौके पर आ गए। इसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गए। सरपंच ने उन्हें लोहियां अस्पताल में भर्ती कराया। हरदेव सिंह ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी से संबंधित हैं और यह आरोपित विरोधी पार्टी से जुड़े हुए हैं। इसी वजह से वो गांव में विकास कार्य नहीं होने देना चाहते और किसी न किसी बहाने से अड़ंगा लगाते रहते हैं।