मोबाइल शॉप मालिक से 63 लाख ठगे, इलेक्ट्रानिक प्रोडक्ट की फ्रेंचाइजी देने का झांसा दे फंसाया
मॉडल टाउन के संजीव कुमार ने सीपी दफ्तर में शिकायत दी थी। उन्होंने दिल्ली की कंपनी रिंगरिंग बेल्स के अधिकारी अशोक चड्ढा, राजिंदर सिंह व अन्य पर उन्हें ठगने का आरोप लगाया था।
जागरण संवादाता. जालंधर। सवा साल पहले दर्ज हुए ठगी के केस में भगोड़ा चल रहे लुधियाना के गांव आलमगीर निवासी राजिंदर सिंह उर्फ राज भाटिया को थाना-6 की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को पुलिस चुनमुन चौक के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने चौक से कुछ दूरी पर राजिंदर को धर दबोचा। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड ले लिया गया है।
5 अगस्त 2017 को राघव एंटरप्राइज (मोबाइल शॉप) के मालिक मॉडल टाउन निवासी संजीव कुमार ने सीपी दफ्तर में शिकायत दी थी। उन्होंने दिल्ली की कंपनी रिंगरिंग बेल्स के अधिकारी अशोक चड्ढा, विवेक प्रताप, धारना गोयल, मोहित गोयल, अनमोल गोयल, सुमित कुमार और राजिंदर सिंह उर्फ राज भाटिया पर उनसे 62.62 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया था। संजीव ने शिकायत में कहा था कि उक्त सातों आरोपियों ने उन्हें यकीन दिलाया था कि अगर वह उनकी कंपनी में 11 लाख रुपये स्कियोरिटी जमा करेंगे तो उन्हें कंपनी के पंजाब बिजनेस का सीएंडएफ बना दिया जाएगा। साथ ही 11 लाख रुपये और जमा करवाएंगे तो हरियाणा राज्य का भी सीएंडएफ बना दिया जाएगा। 40 लाख रुपये और देने पर कंपनी के पंजाब बिजनेस का हब बना दिया जाएगा। इस कथित डील के मुताबिक संजीव को रिंगरिंग बेल्स की पूरे पंजाब की फ्रेंचाइजी मिल जानी थी और पंजाब-हरियाणा की सालाना 2.50 करोड़ की सेल का 2 फीसद कमीशन दिया जाएगा। संजीव के मुताबिक उक्त आरोपियों ने उससे 62.62 हजार रुपये ले लिए और बदले में कुछ नहीं दिया।
शिकायत की जांच कर थाना-6 में उक्त सातों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इनके खिलाफ फिरोजाबाद, गाजियाबाद, हरदोई, गोरखपुर और आगरा में भी केस दर्ज है। अनमोल गोयल और मोहित गोयल को यूपी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।