डपों पर कूड़े को लगाई जा रही आग, निगम का एक महीने का अभियान बेअसर
लोगों को कूड़ा प्रबंधन के लिए जागृत करने का नगर निगम का एक महीने तक चला मेरा कूड़ा मेरी जिम्मेवारी अभियान बेअसर साबित हुआ है।
जागरण संवाददाता, जालंधर : लोगों को कूड़ा प्रबंधन के लिए जागृत करने का नगर निगम का एक महीने तक चला मेरा कूड़ा मेरी जिम्मेवारी अभियान बेअसर साबित हुआ है। निगम के अपने ही डंपों पर कूड़े को आग लगाई जा रही है। नगर निगम एक महीने तक लोगों को क्या समझाता रहा यह समझ से परे है। निगम अपने मुलाजिमों, रैग पिकर्स को भी नहीं समझा पा रहा। तीन दिन में कूड़े को आग लगाने की तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। पहले डीसी आफिस के सामने नई बारादरी के मोड़ पर बने डंप को आग लगा दी थी। इसके बाद इंडस्ट्री एरिया में पार्क की ग्रीन वेस्ट को माली ने ही जला दिया। अब रविवार को टीवी सेंटर के सामने महावीर मार्ग पर डंप पर कूड़े के ढेर को आग लगा दी। डंप पर लगी आग के कारण आसपास की कालोनियों में धुआं फैल गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।