NRI Sabha Election: प्रधान पद के लिए चार उम्मीदवारों ने किया नामांकन Jalandhar News
NRI Sabha Election एनआरआइ सभा पंजाब के प्रधान पद के चुनाव सात मार्च को होने जा रहे हैं। प्रधान पद के लिए नामांकन भरने के अंतिम दिन चार उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे।
जालंधर, [कमल किशोर]। NRI Sabha Election : एनआरआइ सभा पंजाब के प्रधान पद के चुनाव सात मार्च को होने जा रहे हैं। प्रधान पद के लिए नामांकन भरने के अंतिम दिन चार उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे। उन्होंने रिटर्निंग अफसर व एडीसी जसबीर सिंह के समक्ष नामांकन पत्र भरा।
नामांकन पत्र भरने वालों में पूर्व प्रधान जसबीर सिंह गिल, उनकी पत्नी गुरिंदरजीत कौर गिल, प्रीतम सिंह नौरंगपुर व कृपाल सहोता के नाम शामिल हैं। नामांकन पत्रों की पड़ताल 17 फरवरी को होगी और नाम वापस लेने की तारीख 24 फरवरी है। उसके बाद अंतिम सूची जारी हो जाएगी।
एनआरआइ सभा के कुल 23,500 सदस्य
एनआरआइ सभा के कुल 23,500 सदस्य हैं। इस बार सभा के पूर्व प्रधान रह चुके कमलजीत सिंह हेयर प्रधान पद की दौड़ में शामिल नहीं हुए हैं। हालांकि वे नामांकन फार्म लेकर गए थे। प्रधान पद की दौड़ में शामिल ना होने के जवाब में उन्होंने चुप्पी साध रखी है। वहीं, चार वर्ष पहले सभा के पूर्व प्रधान रहे जसबीर सिंह गिल ने अपनी पत्नी गुरिंदरजीत कौर गिल को भी मैदान में उतारा है। अगर जसबीर सिंह गिल के कागजों में कोई गड़बड़ी मिलती है तो गिल की जगह उनकी पत्नी प्रधान पद का चुनाव लड़ेंगी।
चार में से दो पुराने चेहरे शामिल प्रधान पद की दौड़ में
कुल चार उम्मीदवार शामिल हैं। गुरिंदरजीत कौर गिल व कृपाल सहोता नए चेहरे हैं जबकि जसबीर सिंह गिल व प्रीतम सिंह नौरंगपुर पुराने चेहरे हैं। पिछली बार प्रीतम सिंह नौरंगपुर ने जसबीर सिंह गिल से शिकस्त खाई थी।
इन मुद्दों पर लड़ा जाएगा चुनाव
सभा के सदस्यों को साथ लेकर चलना मेरी प्राथमिकता रहेगी। प्रधान बनता हूं तो एनआरआइ की प्रॉपर्टी पर हुए कब्जे को छुड़वाया जाएगा। फर्जी ट्रैवल एजेंटो के खिलाफ भी मुहिम चलाउंगा। जसबीर सिंह गिल
प्रधान बनीं तो एनआरआइज की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। राज्य भर में नशे के खिलाफ मुहिम चलाई जाएगी। विदेशी दूल्हे जो राज्य की लड़कियों से शादी कर वापस नहीं लौटे है उन पर शिकंजा कसा जाएगा। गुरिंदरजीत कौर गिल
एनआरआइ की समस्या के साथ-साथ प्रॉपर्टी पर हुए कब्जों को छुड़वाने के लिए कदम उठाएं जाएंगे। सभा के हित के लिए कार्य किए जाएंगे। सबको साथ लेकर चला जाएगा। प्रीतम सिंह नौरंगपुर
प्रधान बना तो सभा के साथ अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ा जाएगा। सदस्यों के हित के लिए कार्य किया जाएगा। एनआरआइ को पेश आने वाली समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर निकाला जाएगा। कृपाल सहोता