निराश खली बोले- रेसलर के सिर में 26 टांके आए, पुलिस ने लगाई थप्पड़ मारने की धारा
जंडसिंघा के क्षेत्र में वीरवार देर रात को एटीएम से पैसे निकाल रहे ग्रेट खली की एकेडमी के रेसलर दिनेश कुमार पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। दिनेश के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
जालंधर, जेएनएन। ग्रेट खली ने दो दिन पहले उनकी एकेडमी के रेसलर पर हुए हमले के मामले पर देहात पुलिस की सुस्त कार्रवाई पर सवालिया निशान लगाया है। उन्होंने कहा है पुलिस जान बूझकर कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने से बच रही है। इन्हीं कारणों से राज्य के युवा निराश होकर विदेश भाग रहे हैं। खली ने कहा कि रेसलर को हमलावरों ने इतनी बुरी तरह से पीटा है कि उसके सिर पर 26 टांके लगे हैं। इसके बावजूद पुलिस ने थप्पड़ मारने की धारा लगाई है।
थाना आदमपुर की पुलिस चौकी जंडसिंघा के क्षेत्र में वीरवार देर रात को एटीएम से पैसे निकाल रहे ग्रेट खली की एकेडमी के रेसलर दिनेश कुमार पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। इस घटना में रेसलर दिनेश कुमार के सिर पर गंभीर चोट आई थी। दिनेश के मुताबिक हमलावर उससे 31000 की नकदी छीन कर भाग गए थे। निजी अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद दिनेश को सिविल अस्पताल जालंधर में दाखिल करवाया गया था। शनिवार को खली दिनेश का हाल जानने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे थे।
अफसर मेरी नहीं सुनते तो आम जनता क्या हाल होगाः खली
सिविल अस्पताल में ग्रेट खली ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस के आला अधिकारियों को फोन कर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की माग की थी। इसके बावजूद पुलिस ने उक्त मामले को गंभीरता से नहीं लिया। ग्रेट खली ने कहा कि अगर उनको बड़े अधिकारियों को फोन कर मामले में कार्रवाई के लिए तरले मारने पड़ रहे हैं तो जरा सोचिए कि एक आम नागरिक के साथ यह अधिकारी क्या करते होंगे। पुलिस ने इस मामले में जंडूसिंघा निवासी विपिन कुमार व एक अज्ञात के खिलाफ आइपीसी की धारा 323, 324, 34, 379 और 427 के तहत केस दर्ज किया था।