Jalandhar Snatching Gang: स्नैचर ने पुलिस के सामने खोला बड़ा राज, स्वर्ण आभूषण खरीदने वालों पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार
जांच में सामने आया है कि गिरोह के तीनों सदस्यों ने चोरी किया या छीना गया सोने चांदी का सामान शहर में कई दुकानदारों को बेचा था। ऐसे में अब पुलिस चोरी का सामान खरीदने वालों पर शिकंजा कसेगी और जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां दिखा सकती है।
संस, जालंधर। थाना रामामंडी की पुलिस ने जिस स्नैचिंग गैंग के सदस्यों को हाल में गिरफ्तार किया है, उन्होंने शहर में दर्जनों वारदातों को अंजाम दिया था। शुक्रवार को गिरोह के तीसरे साथी सोनू की गिरफ्तार के बाद उसने पूछताछ में कई वारदातें कबूल की हैं। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि उनके गिरोह में और लोग भी शामिल हैं। उन्हें पुलिस जल्द गिरफ्तार कर सकती है। जांच में सामने आया है कि गिरोह के तीनों सदस्यों ने चोरी किया या छीना गया सोने चांदी का सामान शहर में कई दुकानदारों को बेचा था। ऐसे में अब पुलिस चोरी का सामान खरीदने वालों पर शिकंजा कसेगी और जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां दिखा सकती है।
सोनू की गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने उसके साथियों राजेश और स्माइल को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में कई राज उगले थे। उनसे पूछताछ के बाद ही पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार किया था। अब बाकी आरोपितों की पहचान कर उनको भी गिरफ्तार किया जा सकता है।
यह है मामला
बीते दिनों थाना रामामंडी के प्रभारी नवदीप सिंह ने छीनाझपटी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था। उनकी पहचान राजेश और स्माइल के रूप में हुई थी। पूछताछ में सामने आया था कि उनका एक और साथी है, जो उनके साथ वारदातों को अंजाम देता है। दोनों से मिली जानकारी के बाद उनके तीसरे साथी सोनू को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चार मोबाइल, जो उसने अलग-अलग जगह से छीने थे, बरामद किए गए हैं। थाना रामामंडी की पुलिस ने छीना झपटी करने वाले गिरोह के तीसरे साथी को भी गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बलदेव नगर निवासी सोनू के रूप में हुई थी। उसके पास से चार मोबाइल बरामद हुए थे।
यह भी पढ़ें - पंजाब में तरस के आधार पर भर्ती क्लर्कों का आज नहीं होगा टाइपिंग टेस्ट, जानें कब होगी दोबारा घोषणा