जालंधर की महिला चिट्टे के साथ पानीपत में गिरफ्तार, बस अड्डे के पास गश्त के दौरान पुलिस ने दबोचा
पंजाब की एक महिला को मंगलवार शाम बस अड्डे के पास से सीआइए-1 ने 670 ग्राम चिट्टे (नशीले पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : पंजाब की एक महिला को मंगलवार शाम बस अड्डे के पास से सीआइए-1 ने 670 ग्राम चिट्टे (नशीले पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया है। महिला दिल्ली के मोहन नगर से नशे की खेप लेकर जालंधर जा रही थी। सीआइए-1 प्रभारी संदीप छिक्कारा ने बताया कि उनकी टीम बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। तभी दिल्ली की तरफ से आई बस से एक महिला उतरी। महिला पैदल जा रही थी। शक के आधार पर महिला पुलिस बुलाकर जांच कराई तो उसके कब्जे से 670 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। महिला की पहचान परविन्दर कौर निवासी शाहपुर (जालंधर) के रूप में हुई है। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका 14 साल का बेटा है। बेटा गर्भ में था कि तभी पति उसे छोड़कर चला गया था। चार साल पहले वह सिंगापुर गई थी। वहां पर उसकी मुलाकात साउथ अफ्रीका निवासी प्रिंस से हुई और दोनों ने शादी कर ली। वह दिल्ली के मोहन नगर से चिट्टा लेकर आई थी। बस अड्डे से उसने दूसरी गाड़ी पकड़कर जालंधर जाना था। वहां पर चिट्टा किसी व्यक्ति को देना था। वह पहले भी एक बार दिल्ली से जालंधर चिट्टा सप्लाई कर चुकी है। थाना शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित परविन्दर कौर को पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें