Jalandhar Weather Update : हवाएं चलने से गिरा तापमान, नौ अगस्त को बारिश की संभावना
कमजोर मानसून के चलते इस साल उमस पिछले सीजन की अपेक्षा अधिक है। यही कारण है कि मानसून के बीच होने वाली बारिश थोड़े समय के लिए ही हो रही है।
जालंधर, जेएनएन। वीरवार को कहर बरपा रही गर्मी तथा उमस के बाद शुक्रवार सुबह चली ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी। इसके साथ ही भीषण गर्मी के चलते वीरवार दोपहर अधिकतम 34 डिग्री तक जा पहुंचा। वहीं शुक्रवार सुबह तापमान गिरकर 29 डिग्री रह गया। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार तक आसमान में गरज के साथ बादल छाए रहने की संभावना है।
इस साल में कमजोर मानसून के चलते उमस पिछले सीजन की अपेक्षा अधिक है। यही कारण है कि मानसून के बीच होने वाली बारिश थोड़े समय के लिए ही हो रही है। सीजन में अभी तक एक भी बारिश ऐसी नहीं हुई जो सुबह से लेकर दिनभर चली हो। कम समय के लिए हुई बारिश के बाद निकल रही धूप उमस को बढ़ा रही है। गर्मी तथा पसीने से दो-चार हो रहे लोग सरकार लंगाई गई पाबंदियों में छूट मिलने पर भी घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। उधर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक नौ अगस्त को आसमान में गरज के साथ बादल छाए रहने तथा बारिश की संभावना है।
बता दें कि सप्ताह की शुरुआत से ही गर्मी और उमस लगातार बढ़ रही है। तीन दिन पहले कुछ समय के लिए हुई बारिश के चलते मौसम सुहावना बना था। हालांकि मंगलवार के बाद लगातार धूप खिल रही है। इससे गर्मी में भी दिन-प्रतिदिन इजाफा होता जा रहा है। वीरवार को सुबह से ही सूर्य की प्रचंड किरणों ने गर्मी बढ़ा दी। आसमान में छाए हल्के बादलों के बावजूद हवाना चलने से उमस बढ़ गई। गर्मी तथा घुटन के बीच लोगों का घर से बाहर निकलना भी दूभर हो गया। यही कारण था कि दोपहर से पहले ही तापमान में इतना इजाफा हो गया।