Jalandhar Weather Update: रक्षाबंधन पर 24 घंटे में सात डिग्री गिरा तापमान, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
Jalandhar Weather Update मौसम विशेषज्ञ डा. विनित शर्मा बताते हैं कि तेज हवाओं के कारण आसमान में खिले बादल आगे निकल गए हैं। लिहाजा हवा में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण मौसम व तापमान में परिवर्तन हुआ है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। Jalandhar Weather Update: रक्षाबंधन पर वीरवार को दिन भर मौसम सुहावना बना रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने व तेज हवाएं चलने के बाद लोगों ने गर्मी व उमस के प्रकोप से राहत हासिल की। वहीं, सुहावने मौसम के बीच 24 घंटे में तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, आने वाले 24 घंटे के दौरान भी मौसम यथावत बना रहने की संभावना जताई जा रही है।
गर्मी के प्रकोप से बढ़ी लोगों की परेशानी
मानसून के कमजोर पड़ते ही उमस व गर्मी के प्रकोप से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उमस के कारण ही बुधवार को अधिकतम तापमान 36.6 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं वीरवार को आसमान में बादल छाए रहने के बाद अधिकतम तापमान लुढ़क कर 29.8 डिग्री सेल्सियस रह गया। हालांकि, न्यूनतम तापमान में दो डिग्री का इजाफा हुआ है। वहीं अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अंतर कम हो जाने के चलते दिन व रात को मौसम एक जैसा रहा।
24 घंटे के दौरान यथावत बना रहेगा मौसम
इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डा. विनित शर्मा बताते हैं कि तेज हवाओं के कारण ही आसमान में खिले बादल आगे निकल गए हैं। लिहाजा, हवा में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण मौसम व तापमान में परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले 24 घंटे के दौरान मौसम यथावत बना रहेगा।
यह भी पढ़ेंः- Raksha Bandhan 2022: रोडवेज की बसों में 35 फीसद ज्यादा रहीं महिला यात्री, निजी आपरेटरों के भी चेहरे खिले
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से खिली तेज धूप ने लोगों को परेशान कर रखा था। वर्षा न होने के कारण उमस बढ़ गई थी। बाजारों का भी हाल बेहाल था। हांलाकि रक्षाबंधन पर सारा दिन बादल छाए रहने से लोगों ने राहत महसूस की। इस तरह त्योहार का दिन भी अच्छा बीत गया।