Jalandhar Weather Update: जालंधर में धूप खिलने से मिली राहत, शाम को इतने डिग्री सेल्सियस तक लुढ़केगा तापमान
नवंबर के मध्यांतर के साथ ही तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। इस कारण पड़ रही सर्दी तथा ठिठुरन के बीच लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। पिछले कई दिनों से ठंड से दो-चार हो रहे लोगों को दोपहर के समय राहत मिलेगी।
जालंधर, जेएनएन। पिछले कई दिनों से अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस चल रहा तापमान आज दोपहर धूप खिलने के साथ बढ़कर 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। दोपहर के समय तेज धूप खिलने के चलते बढ़ रहे तापमान के बावजूद ठिठुरन बरकरार रहेगी। ऐसे संकेत मौसम विभाग द्वारा वीरवार को लेकर दिए जा रहे हैं।
नवंबर के मध्यांतर के साथ ही तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। इस कारण पड़ रही सर्दी तथा ठिठुरन के बीच लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे लोगों के लिए वीरवार को दोपहर की तेज धूप सौगात लेकर आएगी। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से ठंड से दो-चार हो रहे लोगों को दोपहर के समय राहत मिलेगी। हालांकि दिन ढलते ही न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के कारण ठिठुरन बढ़ने के संकेत भी दिए जा रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञ डाक्टर विनीत शर्मा बताते हैं कि सर्दी की शुरुआत में लोगों को गर्म कपड़ें जरूर पहनने चाहिए। इसके साथ ही इन दिनों केवल गर्म पानी का सेवन करना चाहिए। मौसम विभाग द्वारा वीरवार को धूप खिली रहने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने के संकेत भी दिए है। दरअसल, दीवाली वाले दिन आसमान में बादल छाए रहने व इसके अगले दिन ही बाद दोपहर से मुस्लाधार बारिश ने अंगड़ाई ले रही सर्दी में अचानक से इजाफा कर दिया। वीरवार को तड़के से ही शीत लहर चलने से ठिठुरन बढ़ा दी और लोग गर्म कपड़ें पहनकर ही बाहर निकल रहे हैं।