Jalandhar Weather Update : जालंधर में आज दिन भर छाए रहेंगे बादल, कल से बारिश होने की संभावना
जालंधर में आज से मौसम का मिजाज बदल जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो आज से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। आज दिन भर बादल छाए रहेंगे व ठंडी हवाएं चलेंगी। वहीं 16 व 17 जून को बारिश की भी संभावना है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। मौसम निरंतर करवटें बदलता जा रहा है, जिस वजह से रात के तापमान में अब तेजी से बढ़ोतरी होने लग पड़ी है। 24 घंटे के मुकाबले में एक डिग्री सेल्सियस से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज हो गई है, जबकि दिन के तापमान में दो फीसद तक की गिरावट आई है। जिस वजह से दिन के समय अधिकतम तापमान 42.6 और रात के समय का तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस तक रिकार्ड किया गया था। अब बुधवार से शुक्रवार तक शहरवासियों को राहत मिलने के आसार है, ऐसा मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है। हालांकि मंगलवार रात से ही ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गई थी, जिससे कुछ हद तक राहत भी मिलने लग पड़ी थी।
मौसम विभाग की तरफ से जारी किए गए पूर्वानुमान की बात करें तो बुधवार यानी कि 15 जून को दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद के दोनों ही दिनों यानी कि 16 और 17 जून को बादल छाएंगे, ठंडी हवाएं चलेंगी, बिजली की गरज भी होगी और एक व दो स्पेल में बारिश की संभावना भी प्रबल है। अगर मंगलवार के बाद के दिनों में बादल छाए रहते और ठंडी हवाओं के साथ बरसात होती है तो तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आस-पास तक पहुंच सकता है।
मौसम विशेषज्ञ डा. दलजीत सिंह का कहना है कि मौसम का तीन दिनों में तो असर ठंडा रह सकता है, मगर उसके बाद के दिनों में फिर से हालात गर्म ही रहेंगे। क्योंकि उसके बाद के दिनों का मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और एकदम से तापमान फिर से चर्म पर पहुंचेगा। जिससे शहरवासियों को परेशानियां भी झेलनी पड़ सकती हैं।