विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 12, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab Train Travel Alert: एक साल बाद दिल्ली के लिए दौड़ी दो शताब्दी एक्सप्रेस, जालंधर से 291 यात्रियों ने किया सफर

By Rohit KumarEdited By:
Published: Mon, 12 Apr 2021 11:05 AM (IST)

Train Travel Alert लगभग एक वर्ष के अंतराल के बाद रविवार को जालंधर वासियों के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक ...और पढ़ें

रविवार को जालंधर वासियों के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक पहुंचने के लिए दो शताब्दी एक्सप्रेस उपलब्ध हो सकीं।
रविवार को जालंधर वासियों के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक पहुंचने के लिए दो शताब्दी एक्सप्रेस उपलब्ध हो सकीं।

जालंधर, जेएनएन। लगभग एक वर्ष के अंतराल के बाद रविवार को जालंधर वासियों के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक पहुंचने के लिए दो शताब्दी एक्सप्रेस उपलब्ध हो सकीं। रविवार सुबह जालंधर से दिल्ली के लिए रवाना हुई 02014 शताब्दी एक्सप्रेस में 172 यात्री दिल्ली के लिए रवाना हुए, जबकि शाम के समय 02030 शताब्दी एक्सप्रेस में 119 यात्री दिल्ली के लिए सवार हुए। फिलहाल दोनों ही ट्रेनों को कोविड-19 स्पेशल शताब्दी ट्रेन का नाम दिया गया है। कोविड-19 से बचाव के लिए जारी गाइडलाइंस के मुताबिक यात्रियों को सफर के दौरान भोजन उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। हालांकि आर्डर देने पर यात्रा के दौरान पेमेंट देने पर पानी व हल्के स्नेक्स जरूर उपलब्ध हो रहे हैं।

शनिवार शाम को ही 4:30 बजे दिल्ली से अमृतसर के लिए शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया गया था और रविवार से पूर्व की भांति जालंधर से दो शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो गया। गौर हो कि पिछले साल कोरोना के कहर को देखते हुए ट्रेनों के संचालन को बंद कर दिया गया है। जिस कारण यात्रियों को दिल्ली जाने के बसों का सहारा लेना पड़ा था। लेकिन बाद में लोगों की सुविधा के लिए रेलवे ने यूपी व बिहार के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया था। बाद में कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ किसानों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिए और रेल ट्रैक पर धरना लगा दिया था, जिस कारण रेल संचालन काफी समय के लिए बंद रहा। अब लगभग एक साल बाद रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली जाने के लिए दो शताब्दी एक्सप्रेस उपलब्ध करवा दी है।

अभी ट्रेन में नहीं मिलेगा खाना

कोरोना के चलते अभी यात्रियों को ट्रेन में खाना उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। यात्रियों को यात्रा के दौरान अपना खाना लेकर ही जाना होगा। खास बात यह है कि चाहे इस ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है लेकिन अभी इसे पूरे यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। शनिवार को जालंधर पहुंची ट्रेन में अधिकतर कोच खाली ही नजर आए। हालांकि माना जा रहा है कि धीरे-धीरे इसे यात्री मिलने शुरू हो जाएंगे।