जालंधर में कोरोना वायरस से पहली मौत, मिट्ठा बाजार के बुजुर्ग ने दम तोड़ा
सिविल अस्पताल में वीरवार सुबह कांग्रेसी नेता के 59 वर्षीय पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बुधवार शाम को ही उनके कोरोना पॉजिटिव होने का पता चला था।
जालंधर, जेएनएन। कोरोना वायरस से शहर में पहली मौत हो गई है। वीरवार सुबह कांग्रेसी नेता के 59 वर्षीय पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बुधवार शाम को ही उनके कोरोना पॉजिटिव होने का पता चला था। उसके बाद से वह सिविल अस्पताल के कोरोना वार्ड में वेंटीलेटर पर थे। वीरवार सुबह उनकी मौत हो गई है। इस बात की पुष्टि सिविल अस्पताल प्रशासन ने की है।
मिट्ठा बाजार के लोगों में फैला डर
बुजुर्ग की मौत के बाद मिट्ठा बाजार के लोगों में दहशत सी फैल गई है। मौत के बाद शहर के कई कांग्रेसी नेता होम क्वॉरेंटाइन हो सकते हैं। इनमें जालंधर उत्तरी के विधायक बावा हैनरी भी शामिल है। मृतक के बेटे ने कर्फ्यू के दौरान काफी सामाजिक कार्य किए थे, वह विधायक हैनरी से भी मिला था।
तब्लीगी जमात से जुड़े 11 व्यक्ति सिविल अस्पताल में भर्ती, दो संदिग्ध
सहारनपुर में तब्लीगी जमात से जुड़ा एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद जालंधर प्रशासन ने एक मस्जिद से 13 लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। इनमें से दो में कोरोना के लक्षण मिले हैं। सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। सिविल सर्जन डॉ. गुरिंदर कौर चावला ने बताया कि विभाग से मिली जानकारी में सहारनपुर में तब्लीगी जमात से जुड़ा मरीज जालंधर रेलवे रोड स्थित मस्जिद में रहने वाले लोगों के संपर्क था। इसके बाद टीम ने वहां जाकर जांच की तो दो लोगों में कोरोना संक्रमण के लक्षण पाए गए। इसके बाद वहां रहते सभी 13 लोगों को एंबुलेंस में बिठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जांच पड़ताल के बाद उनके सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें